Rajasthan News: राजस्थान के कोटा में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जहां जवाहर नगर थाना इलाके में स्थित एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। ओपरा हॉस्पिटल रोड पर स्थित इस बिल्डिंग में ‘मुरादाबादी नॉन-वेज रेस्टोरेंट’ संचालित हो रहा था। हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में अब तक एक युवक की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सात लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में रेस्टोरेंट चल रहा था, उसके ठीक पास में ही एक दूसरी बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। वहां जेसीबी से खुदाई या तोड़फोड़ का काम जारी था। आशंका जताई जा रही है कि जेसीबी के कंपन या खुदाई की वजह से कमजोर नींव वाली यह बिल्डिंग ढह गई। बताया जा रहा है कि यह बिल्डिंग निर्माणाधीन थी, जिसकी दो मंजिलें पूरी हो चुकी थीं और तीसरी पर काम चल रहा था।
मंत्री मदन दिलावर ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की कमान संभाली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मलबे में दबे हर शख्स को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जाए। मौके पर एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
8 से 10 कर्मचारियों के दबे होने की आशंका
लोकसभा स्पीकर के ओएसडी (OSD) राजीव दत्ता ने मीडिया को बताया कि अब तक 7 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है, जिनमें से कुछ की गर्दन और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने अभिजीत नामक एक व्यक्ति की मौत की दुखद सूचना भी दी। दत्ता के अनुसार, रेस्टोरेंट संचालक से मिली जानकारी के मुताबिक, अंदर 8-10 कर्मचारी मौजूद थे। साथ ही, बिल्डिंग के बाहर चाय की दुकान पर खड़े कुछ लोग भी मलबे की चपेट में आए हैं।
इलाके में अफरा-तफरी का माहौल
बिल्डिंग गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से ओपरा हॉस्पिटल रोड को ब्लॉक कर दिया है ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या निर्माण कार्य के लिए उचित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
पढ़ें ये खबरें
- ‘मुख्यमंत्री जी से लेकर मंत्री तक ने…’, बारिश से बर्बाद फसलों के मुआवजे को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, किसान विरोधी बताते हुए जो कहा…
- क्या राहुल का भी होगा उद्धव जैसा हाल ! महाराष्ट्र सीएम फडणवीस ने गांधी परिवार के ‘युवराज’ को लेकर कहा – “कांग्रेस में राहुल को हटाने की चल रही पूरी तैयारी”
- एसपी भूपेंद्र सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, लंबित मामलों के निपटारे पर जोर
- कैप्टन अभिमन्यु भाईचारा स्नेह मिलन में क्या बोल गए? समाज, नेतृत्व और युवा शक्ति पर बोले कैप्टन अभिमन्यु, एकता और सही दिशा पर दिया जोर
- MLC उपचुनाव: 9 महीने जेल में रहने वाले कन्हैया प्रसाद पर JDU ने खेला दांव, भोजपुर-बक्सर के रण में राजद से होगी कांटे की जंग
