Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा में कृषि और सहकारिता विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान उस समय सियासी पारा चढ़ गया, जब उप नेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को लेकर बेहद आक्रामक और चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान में बीजेपी को खड़ा करने वाले किरोड़ी लाल ही हैं, लेकिन पार्टी उनका सिर्फ इस्तेमाल कर रही है।

विधानसभा में बोलते हुए रामकेश मीणा ने किरोड़ी लाल मीणा को किसान का बेटा और पूर्वी राजस्थान का सबसे बड़ा चेहरा बताया। उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के असली हकदार किरोड़ी लाल थे, लेकिन बीजेपी ने उन्हें अधूरा विभाग देकर हाशिए पर धकेल दिया। रामकेश ने आरोप लगाया कि उन्हें ग्रामीण विकास विभाग भी आधा ही दिया गया है, जो उनके कद के साथ अन्याय है।

जब सत्ता पक्ष की ओर से इस पर टोका-टाकी की गई, तो रामकेश मीणा ने यहाँ तक कह दिया कि अगर किरोड़ी लाल गंगापुर से चुनाव लड़ने आएंगे, तो मैं उनके लिए अपनी सीट छोड़ दूंगा।

चर्चा के दौरान रामकेश मीणा ने डूंगरी बांध का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी के अन्य नेताओं को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार संकट में होती है, तो उसे किरोड़ी लाल की ही याद आती है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या बीजेपी के किसी और नेता में दम है जो आंदोलनों के लिए जेल गया हो? उन्होंने याद दिलाया कि किरोड़ी लाल मीणा पर 200 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।

पढ़ें ये खबरें