सतीश दुबे, डबरा। भितरवार विधानसभा में भाजपा के वर्तमान विधायक मोहन सिंह राठौड़ और कांग्रेस के पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव के बीच बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। अब एक बार फिर दोनों ने एक-दूसरे पर सियासी तंज कसा है।

पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव ने एक कार्यक्रम में मंच से कहा, ‘वर्तमान विधायक मोहन सिंह राठौड़ मुझे मरा हुआ विधायक कहता है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या किसी के यहां गमी में जाना गलत है? मैं वर्तमान विधायक मोहन सिंह राठौड़ से कहना चाहता हूं कि मैं 20 साल विधायक रहा और 14 महीने मंत्री रहा और तू तो अभी 2 साल का अदना सा बच्चा है। तू अभी विधायक की हैसियत नहीं जानता।’

इस बयान से राजनीति गरमा गई है। विधायक मोहन सिंह राठौड़ ने भी इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा है, ‘मुझे छोटा बच्चा कह रहा है। उसे पता होना चाहिए कि सबसे ज्यादा ग्वालियर जिले में भितरवार विधानसभा से भाजपा जीती थी। 20 सालों में भितरवार की जनता ने विनाश देखा था विकास नहीं। इसका जवाब भितरवार विधानसभा की जनता ने उन्हें दिया था। आगे भी देगी भाजपा में हमेशा कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है लेकिन कांग्रेस में नेता।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m