हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में एक जन्मदिन की पार्टी के बाद 30 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। जानकारी के मुताबिक पार्टी में दाल-बाफले खाने के बाद मेहमानों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी है।
दाल-बाफले खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
घटना भागीरथपुरा की शुक्ला गली की है, जहां आकाश मुक्शिया ने शनिवार को अपने बेटे का जन्मदिन मनाया था। कार्यक्रम में रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित किया गया था। मेन्यू में दाल-बाफले समेत अन्य व्यंजन परोसे गए थे।रविवार सुबह कई मेहमानों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। बीमार लोग अलग-अलग निजी क्लीनिकों में इलाज कराने पहुंचे। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग और खाद्य विभाग की टीम मौके पर
परिवार के अनुसार 30 से ज्यादा लोग बीमार हुए हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक दो मामलों की आधिकारिक पुष्टि की है। मामला भोजन से जुड़ा होने के कारण खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाने के सैंपल लिए हैं।साथ ही नगर निगम की टीम ने भी एहतियातन पानी के सैंपल लिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बीमारी की असली वजह दूषित भोजन था या पानी।
पहले भी सामने आ चुका है गंभीर मामला
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार पड़ गए थे और करीब 35 लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में ताजा घटना ने एक बार फिर इलाके की स्वच्छता व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। प्रशासन ने कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


