लखनऊ. बेटी की शादी के लिए छुट्टी न मिलने से आहत BLO अखिलेश कुमार ने फांसी लगा जान दे दी है, जिसे लेकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा, एसआईआर-2026 जीवनमुक्ति’ के शीर्षक से आत्महत्या की चिट्ठी लिखकर ग्राम अलियाबाद, बिंदकी, फतेहपुर, उप्र में शिक्षामित्र (BLO) अखिलेश कुमार सविता ने शनिवार शाम को सरकारी प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कारण स्पष्ट रूप से SIR का अत्यधिक दबाव व 10 दिन बाद होनेवाली बेटी की शादी के लिए अधिकारियों द्वारा छुट्टी न देना था.

इसे भी पढ़ें- ‘मैं अब SIR से मुक्ति पा जाऊंगा…’, BLO ने फांसी लगाकर दे दी जान, बेटी की शादी के लिए छुट्टी न मिलने से था परेशान

आगे अखिलेश यादव ने कहा, दिन-रात के चौबीसों घंटे के दबाव के अलावा उप्र में BLO पर गलत काम करने का दबाव भी है. पहले जो दबाव फ़ार्म 7 से सही लोगों के नाम कटवाने का था, वैसा ही दबाव अब ‘फ़ार्म 6 के’ माध्यम से नये फ़र्ज़ी नाम जोड़ने का है. ऐसा गलत काम करने के लिए अधिकतर BLO का मन गवाही नहीं देता है, इसीलिए वो हताश होकर आत्महत्या जैसे प्राणघातक फ़ैसले तक कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, हमारी सभी BLO से ये अपील है कि निराश-हताश न हों, आपका जीवन आप और आपके परिवार के लिए अनमोल है. भाजपा जैसी नकारात्मक ताक़तें अंतहीन नहीं होती हैं, इतिहास में ऐसे अनेक उदाहरण हैं जब खलनायक बन चुकी सत्ताओं का घोर पतन दुनिया ने देखा है. निरंकुशवाद जब अपनी पराकाष्ठा पर होता है, तब ही उसका पतन बिंदु भी होता है क्योंकि एक सीमा से अधिक एकाधिकार करने की शक्ति किसी में नहीं होती है.

इसे भी पढ़ें- ‘वो जंग या अमन के साथ…’, ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले पर बोले अखिलेश, कहा- सरकार इस विषय पर अपना रुख साफ करे

आखिरी में अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि भाजपाई स्वयं तो निर्मम-निर्दयी हैं ही, इन्होंने अधिकारियों को भी हृदयहीन-संवेदनहीन बना दिया है. बेटी की शादी का भावनात्मक महत्व और ज़िम्मेदारी कितनी होती है, ये वो ही जान सकते हैं, जिनके अपने परिवार हैं. भाजपा को इस पाप का महापाप लगेगा.