CG Morning News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। 5 मार्च को प्रदेश की दो सीटों के लिए नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसे लेकर भाजपा और कांग्रेस में उम्मीदवारों के नाम पर लगातार मंथन चल रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब कभी भी प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। दोनों दलों में संभावित नामों पर चर्चा अंतिम चरण में है और आलाकमान की मुहर लगते ही सूची जारी कर दी जाएगी।

संस्कृति विभाग ने युवा कलाकारों से छात्रवृत्ति के लिए मंगाए आवेदन
रायपुर। संस्कृति विभाग ने गरीब होनहार युवा कलाकारों व विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। प्रविष्टियां निर्धारित प्रारूप में पूर्ण दस्तावेजों सहित पंजीकृत डाक के माध्यम से 20 मार्च तक आमंत्रित की गई हैं। विभाग द्वारा छात्रवृत्ति प्रोत्साहन के लिए विभिन्न विद्याएं व उपविद्याएं निर्धारित की गई हैं। चयनित विद्यार्थियों को नियमानुसार मासिक छात्रवृत्ति प्रोत्साहन राशि 5,000 रुपए से 10,000 रुपए तक प्रदान की जाएगी। यह राशि डीबीटी-ई-पेमेंट के माध्यम से सीधे खाते में अंतरित होगी।
विशेष फोटो प्रदर्शनी का आज आखिरी दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर क्लाउड एवं संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित दो दिवसीय विशेष फोटो प्रदर्शनी ‘छत्तीसगढ़ की विभूतियां: पद्म पुरस्कार प्राप्त महान व्यक्तित्वों की प्रेरक यात्रा’ का आज 3 मार्च को अंतिम दिन है। यह प्रदर्शनी महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित कला वीथिका में लगाई गई है, जिसे दोपहर 12 बजे से रात 7 बजे तक देखा जा सकता है। बता दें कि इस दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ 2 मार्च को किया गया था।
बीई, बीटेक में प्रवेश के लिए परीक्षा 14 मई को
रायपुर। बीई, बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी टेक्नोलॉजी एवं डिप्लोमा इन डेयरी टेक्नोलॉजी (पीईटी) में प्रवेश के लिए व्यापमं द्वारा 14 मई को परीक्षा आयोजित की जाएगी। व्यापमं ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। पीईटी के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यार्थी व्यापमं की वेबसाइट पर लॉगिन कर 27 मार्च शाम 5 बजे तक आवेदन भर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 28 से 30 मार्च तक सुधार किया जा सकेगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। परीक्षा केंद्र सभी 33 जिला मुख्यालय में बनाया जाएगा। अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन करते समय परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन पद्धति से किया जाएगा।
राज्य महिला आयोग की पहल: 8 से 13 मार्च तक महा जनसुनवाई सप्ताह का आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर 8 से 13 मार्च तक पूरे प्रदेश में “महा जनसुनवाई सप्ताह” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोग का लक्ष्य है कि महिलाओं से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण हो और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
27-28 मार्च को नवा रायपुर में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन
रायपुर। ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस आयोजन में देश-विदेश में रह रहे छत्तीसगढ़वासियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। प्रवासियों के पंजीयन के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार किया गया है। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और परंपरा से जुड़े रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले उत्कृष्ट प्रवासियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके साथ ही विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़िया युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित कर उन्हें करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में दिशा देंगे। प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रवासियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे। इस सम्मेलन में मेहमानों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे जाएंगे।
होली को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 3000 से अधिक जवान तैनात
रायपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा रायपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। शहरभर में 100 से अधिक चेक प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। वहीं 3000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च भी किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

