प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश की धर्म नगरी उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं उमड़ पड़े। वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय समेत सिंगर सुरेश वाडकर ने अपनी पत्नी के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए। 

कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने किए दर्शन

वृंदावन के प्रसिद्ध कथा वाचक एवं भागवताचार्य इंद्रेश उपाध्याय आज उज्जैन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया और नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की आराधना की।

 ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर भगवान के दर्शन करने पहुंचे प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने बाबा महाकाल को पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक किया। इसके बाद नंदी को जल अर्पण कर नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। दर्शन के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय का सम्मान किया गया।

इस अवसर पर कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों के मध्य में महाकाल विराजित है, वह भारत ही नहीं संपूर्ण विश्व के मध्य है। इसलिए उनको प्रणाम करते हुए संपूर्ण विश्व की मंगल कामना की है। महाकाल प्रभु हमारे वृंदावन में गोपेश्वर बनकर बैठे हैं। हम तो उनको जब भी देखते हैं तो गोपी भाव से देखते हैं, क्योंकि कृष्ण भक्ति, वृंदावन की भक्ति में कोई प्रवेश कराएंगे तो वे महाकाल ही करा सकते हैं। उन्हीं की कृपा से बृजवासी और सब संतो को ब्रज की प्राप्ति हुई है। हम उनको प्रणाम करते हुए प्रार्थना करते हैं कि वे हमारे चित्त में और कृष्ण भक्ति बढ़ाएं और बार-बार महाकाल बुलाए। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि वे एक बार ऐसी कृपा करें कि हमें पुष्प और जल चढ़ाने का अवसर तो मिला है, उनकी कृपा से एक बार वाणी से भी पुष्पांजलि करने का अवसर मिले और महाकाल की नगरी में हम कथा कर पाएं।

कौन हैं कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय?

इंद्रेश उपाध्याय वृंदावन के एक प्रसिद्ध युवा कथावाचक और भागवताचार्य हैं, जो अपने सुरीले भजनों, विशेषकर “राधा गोरी” के लिए लोकप्रिय हैं। 7 अगस्त 1997 को उनका जन्म हुआ था। उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में श्रीमद्भागवत महापुराण कंठस्थ कर ली थी। हाल ही में 5 दिसंबर 2025 को उन्होंने शिप्रा शर्मा के साथ जयपुर में विवाह किया है।

महाकाल की शरण में पहुंचे प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडकर

द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक ज्योतिर्लिंग विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में आए दिन वीआईपी और वीवीआईपी के आने का सिलसिला लगातार लगा रहता है। इसी श्रृंखला में आज देश के प्रसिद्ध गायक पद्मश्री सुरेश वाडकर उनकी पत्नी और गायिका पद्मा वाडकर के साथ ही गायिका इशिता विश्वकर्मा ने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान पद्मश्री सुरेश वाडकर ने बताया कि बाबा महाकाल के दर्शन कर बहुत आनंद आए। बाबा महाकाल के दर्शन की इच्छा बहुत दिनों से थी लेकिन बीच में स्वास्थ्य खराब था तो सोच रहे थे कि जा पाएंगे या नहीं, लेकिन बाबा ने बुला लिया। 20 साल पहले भगवान महाकाल के दर्शन किए थे। बाबा से यह प्रार्थना है कि हम सबको स्वस्थ रखें और हम सब अपना काम ठीक तरीके से कर पाएं।

वहीं इस अवसर पर गायिका इशिता विश्वकर्मा ने कहा कि कई बार बाबा महाकाल के दर्शन किए हैं, लेकिन इस बार मेरा परम सौभाग्य है कि मैं पद्मश्री सुरेश वाडकर उनकी पत्नी पद्मा जी के साथ यहां दर्शन करने आ पाई। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m