प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के 30वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे। कुलाधिपति और राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 103 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, 74 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 1 विद्यार्थी को डी-लिट की उपाधि प्रदान की गई।

दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के माधव भवन प्रशासनिक परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल और सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ राज्यसभा सांसद, राष्ट्रीय संत बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया शामिल हुए। इस अवसर पर सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के 103 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, 74 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 1 विद्यार्थी को डी-लिट की उपाधि दी गई। 

सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के 30वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ज्ञान-विज्ञान और ध्यान के वैश्विक केन्द्र उज्जैन को भगवान श्री कृष्ण ने अपनी शिक्षास्थली के रूप में चुना। चौसठ कलाओं और 14 विद्याओं की यह धरती शौर्य के प्रतीक सुशासन के पुरोधा, विक्रम संवत के प्रवर्तक, भारतीय सांस्कृतिक चेतना के रक्षक और न्याय प्रियता के प्रतीक सम्राट विक्रमादित्य की कर्मस्थली रही है। 

सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण नहीं बल्कि 7 दशकों के उस समर्पण का परिणाम है, जिसने दुनिया को कुशल मानव संसाधन और श्रेष्ठ स्कॉलर सौंपे। विश्वविद्यालय से सम्राट विक्रमादित्य का नाम जुड़ने से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ा है और यहां के विद्यार्थियों के गर्व में वृद्धि हुई है। ऐसे विश्वविद्यालय की उपाधियों से विभूषित होना विद्यार्थियों के लिए सौभाग्य का विषय है। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीक्षांत समारोह में उपाधियां प्राप्त कर रहे 397 विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि साल 2028 में भव्य और दिव्य सिंहस्थ का साक्षी बनेगा। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन से लेकर उनके मां क्षिप्रा के जल से स्नान तक की व्यवस्था के लिए राज्य सरकार अभी से हर संभव तैयारी कर रही है। सिंहस्थ के आयोजन में स्वच्छता, यात्री मार्गदर्शन, डिजिटल हेल्प आदि का विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नवरात्रि और गुड़ी पड़वा की अग्रिम मंगलकामनाएं दीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m