Railway News : बिलासपुर. अमृतसर से बिलासपुर आ रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के कोच में ड्यूटी करने वाला ओबीएचएस स्टाफ गेट पर खड़ा था, अचानक नीचे गिरने से मौके पर उसकी मौत हो गई. जीआरपी ने मर्ग कायम करने के बाद जांच शुरु कर दी है.

दरअसल, ट्रेन में साफ सफाई के लिए प्रायवेट कंपनी के ठेकेदारों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. यह ओबीएचएस स्टाफ एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों के मैसेज और अनुरोध पर भी सफाई करते हैं. इसी तरह बिलासपुर से अमृतसर के बीच चलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में भी एसकेएस कंपनी के कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं. प्रतिदिन की तरह शनिवार की सुबह 10 बजे पहुंचने वाली अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस घंटो लेट पहुंची. यह ट्रेन रायपुर और बिल्हा से रवाना होने के बाद कुछ देर के लिए कोचिंग डिपो के पास रूक गई, इसका कारण था कि जिस प्लेटफार्म पर ट्रेन को स्टापेज दिया जाना था. वहां पहले से ही मालगाड़ी खड़ी हुई थी.

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में लोरमी बाजार पारा निवासी हरि शुक्ला पिता रवि शुक्ला 40 साल ओबीएचएस की ड्यूटी करता था, जो गेट पर खड़ा था. इस दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और चलती गाड़ी की टक्कर से उसकी मौके पर मौत हो गई. मृतक हरि शुक्ला के साथ सफाई कर्मचारी नरेन्द्र श्रीवास भी ट्रेन में मौजूद था, जिसने मृतक के ट्रेन के गेट पर खड़े होने और नीचे गिरने से मौत की जानकारी दी.

मौके पर पहुंची जीआरपी टीम

सूचना मिलते ही जीआरपी के प्रधान आरक्षक योगेन्द्र सिंह, आरक्षक जयसिंह मरकाम और मानिकपुरी मौके पर पहुंचे, जहां पहचान होने के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मर्ग कायम कर लिया गया है.