रायगढ़. रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाघाट में अवैध अफीम की खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस ने झारखंड में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था. मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार पकड़ लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश अभी भी जारी है.

तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी. सूचना मिलने पर रायगढ़ पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की. एएनटीएफ टीम भी मौके पर पहुंची थी. खेत में कुल 60 हजार 326 अफीम के पौधे मिले थे, जिनका वजन 2877 किलोग्राम था. मामले में पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी मार्शल संगा ने अपने साथियों एमानुएल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा था. मामले में तमनार थाने में एनडीपीएस का अपराध दर्ज किया गया था.

मुख्य आरोपी मार्शल संगा पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी शशिमोहन सिंह ने सायबर और तमनार थाने की विशेष टीमें बनाई थी. टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उड़ीसा और झारखंड में दबिश दे रही थी.

झारखंड में दबीश, जंगल में भागते आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम लगातार पीछा करते हुए एक आरोपी के झारखंड स्थित गृहग्राम तक पहुंची. यहां आरोपियों को भनक लग गई और वे पहाड़ी क्षेत्र में छिप गए. इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से रायगढ़ पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चला कर काफी मशक्कत के बाद जंगल में भाग रहे आरोपी एमानुएल भेंगरा को पकड़ लिया. आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. वही मामले में एक आरोपी सीप्रियन भेंगरा फरार है, जिसकी तलाश से पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले में कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बक्शा नहीं जायेगा. ऐसे अपराधों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार सख़्त अभियान चलाते हुए आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है.