Chhattisgarh News : रायगढ़. नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” अभियान का दो महीनों के भीतर ही निर्णायक असर हुआ है. इस अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. 26 जनवरी से अबतक रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब, गांजा और अफीम के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 394 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान करीब 4 करोड़ 50 लाख के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जो जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है.


अवैध शराब पर सबसे बड़ा शिकंजा
अभियान के तहत पुलिस ने 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी और महुआ शराब जब्त की गई. इनमें से 139 मामलों में 149 आरोपियों को आबकारी एक्ट की अजमानती धाराओं में जेल भेजा गया. खास बात यह रही कि 2612 लीटर महुआ शराब की जब्ती ने सीमावर्ती ओडिशा से होने वाली तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का संकेत दिया है. इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की गई.
गांजा तस्करी नेटवर्क पर रणनीतिक वार

ओडिशा मार्ग से संचालित गांजा तस्करी नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई. इस दौरान 16 प्रकरणों में 27 तस्करों को गिरफ्तार कर 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख 50 हजार आंकी गई है.
अफीम की अवैध खेती पर कड़ा प्रहार
राज्य शासन के निर्देश पर अवैध अफीम की खेती के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई. तमनार के आमाघाट और लैलूंगा क्षेत्र के नवीन घटगांव व मुडागांव में 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इन कार्रवाइयों में 2963 किलो अवैध अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 18 लाख बताई गई है.
परिवहन नेटवर्क भी ध्वस्त
मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त 21 दुपहिया और 3 चार पहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिससे तस्करी के लॉजिस्टिक नेटवर्क पर सीधा असर पड़ा है.
एसएसपी ने किया जनता से अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है. अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी रहेगा. यदि आपके इलाके में कोई अवैध गतिविधि हो रही हो तो मेरे मोबाइल नंबर 9479193200 पर सूचना दें. सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

