CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर हैं। सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। इस दौरान मुख्यमंत्री साय पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे केंद्र के अन्य शीर्ष नेताओं से भी भेंट करेंगे। वहीं बस्तर के विकास सहित प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

बिजली समस्या को लेकर कांग्रेस करेगी CSEB कार्यालय का घेराव

रायपुर। कांग्रेस आज CSEB कार्यालय का घेराव करेगी। गुढ़ियारी क्षेत्र में लगातार बनी हुई गंभीर बिजली समस्या को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, घेराव कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

नगरीय निकाय व पंचायत उपचुनाव की तैयारियां शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरपालिकाओं व त्रिस्तरीय पंचायतों के आगामी आम-उप चुनाव मई माह में कराए जाने की तैयारी है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची तैयार व पुनरीक्षित किए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। स्थानीय निकायों की मतदाता सूची 1 अप्रैल 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार की जाएगी। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जाएगा और दावे-आपत्तियां 20 अप्रैल तक ली जाएंगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 5 मई को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा प्राधिकृत अधिकारियों का प्रशिक्षण हो चुका है। जिन मतदाताओं के नाम संबंधित स्थानीय निकाय के क्षेत्र, वार्ड अथवा पंचायत से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में दर्ज होंगे, वही मतदाता स्थानीय निकायों की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे।

कृषि मंत्री आज से करेंगे संभागवार विभागीय समीक्षा

रायपुर। कृषि मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में 7 अप्रैल से 11 अप्रैल तक संभागवार विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। मंत्री नेताम 7 अप्रैल को रायपुर व दुर्ग संभाग में विभागीय प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसी प्रकार बस्तर संभाग की बैठकें 8-9 अप्रैल को तथा सरगुजा व बिलासपुर संभाग की बैठक 11 अप्रैल को आयोजित होंगी।

जस्टिस अरविंद वर्मा आज होंगे सेवानिवृत्त

बिलासपुर। हाईकोर्ट के जस्टिस अरविंद वर्मा आज सेवानिवृत्त होंगे। उनके सम्मान में आज विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह चीफ जस्टिस के कोर्ट रूम में संपन्न होगा।

कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक कल

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक कल आयोजित की जाएगी। यह बैठक जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ होगी। बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता पीसीसी चीफ दीपक बैज करेंगे। इस बैठक में स्थानीय मुद्दों पर फोकस करते हुए रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार के खिलाफ बड़े प्रदर्शन की रूपरेखा भी बनाई जा सकती है।

ट्रिपल आईटी का दीक्षांत कल, 553 छात्रों को मिलेगी डिग्री

रायपुर। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) नया रायपुर का दीक्षांत समारोह 8 अप्रैल सुबह 11:30 बजे संस्थान के परिसर में आयोजित है। मुख्यअतिथि राज्यपाल रमेन डेका, विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। समारोह में दीक्षांत भाषण प्रो. उमेश वी. वाघमारे, अध्यक्ष, जवाहरलाल नेहरू उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र बेंगलुरु द्वारा दिया जाएगा। इस अवसर पर 21 पीएचडी, इंस्टिट्यूशन ऑफ फोर्सेज कंट्रोल 25 एमटेक, 1 एमएस (रिसर्च) तथा 506 बीटेक छात्रों को मिलाकर कुल 553 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में बी. टेक. में सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए 3 गोल्ड मेडल, उत्कृष्ट नवाचार के लिए 3 चेयरमैन गोल्ड , मेडल ट्रांसफॉर्मेशनल लीडरशिप के लिए 3 अजय चौधरी गोल्ड मेडल, बीटेक में उच्चतम सीजीपीए के लिए 9 सिल्वर मेडल, एम. टेक. में उच्चतम सीजीपीए के लिए 5 सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। समारोह में किरण देशपांडे अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, वे एक प्रतिष्ठित तकनीकी उद्यमी एवं मोजो नेटवर्क के सह-संस्थापक हैं।