CG Crime News : बिलासपुर. धन गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे के रागी ने कारोबारी के घर की महिला सदस्यों की एआई से अश्लील फोटो बना कर 20 लाख ऐंठ लिए. अब वह फिर से फोटो वायरल करने की धमकी देकर 20 करोड़ की मांग कर रहा है. नहीं देने पर वह तलवार लेकर कारोबारी के घर तक घुस गया. पीड़ित परिवार ने घटना की रिपोर्ट रायपुर तेलीबांधा में दर्ज कराई थी. पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर केस बिलासपुर सिविल लाइन ट्रांसफर किया है.

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के एक कारोबारी परिवार ने गुरुद्वारे के रागी के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में शून्य में अपराध दर्ज करवाया है. परिवार की पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास स्थित धन गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे में अमृतसर निवासी मनिंदर सिंह कीर्तन करता था. गुरुद्वारे जाने के दौरान उससे जान-पहचान हुई. वह महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी को कीर्तन सिखाने लगा. धीरे-धीरे उसने परिवार का भरोसा जीता और उधारी के नाम पर छोटी-छोटी रकम लेने लगा. जब परिवार ने पैसे देने से मना किया, तो मनिंदर ने एआई के जरिए महिला, उसकी बहन और नाबालिग बेटी की अश्लील तस्वीरें बनाई. फिर उन्हें सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने की धमकी देकर अलग-अलग किस्तों में 20 लाख रुपए वसूल लिए.

तलवार लेकर घर पहुंचा आरोपी, जान से मारने की दी धमकी

कुछ समय बाद वह परिवार से 20 करोड़ की मांग करने लगा. नहीं देने पर लगातार धमकियों देने लगा और परिवार को महिलाओं का एआई से अश्लील वीडियो बना वायरल करने की बात कहने लगा. जिसके चलते परिवार बिलासपुर छोड़ रायपुर चला गया. फिर भी आरोपी पैसों की मांग करता रहा. मना करने पर मनिंदर एक दिन रायपुर के तेलीबांधा स्थित घर पर तलवार लेकर पहुंच गया. उसने सभी को जान से मारने की धमकी दी. उस वक्त पति ने हाथ-पैर जोड़कर और तत्काल 2 लाख रुपए देकर जान बचाई.

गुरुद्वारा कमेटी ने नौकरी से निकाला 

रायपुर के तेलीबांधा थाने में शून्य में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में मामला ट्रांसफर किया गया है. इधर, शिकायत के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने मनिंदर को नौकरी से निकाल दिया, जिसके बाद वह अमृतसर भाग गया. अब वहीं से लगातार कॉल कर लगातार परिवार को धमकी दे रहा है.