CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह दिल्ली दौरे से वापस राजधानी रायपुर लौट आए हैं। मुख्यमंत्री आज दो जिलों के दौरे पर रहेंगे। वे सरगुजा और बिलासपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा में मुख्यमंत्री किसान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वे कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। अंबिकापुर में मुख्यमंत्री पं. रविशंकर त्रिपाठी और शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बिलासपुर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उसके बाद रायपुर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निवास पर भी जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में आज से 8वां पोषण पखवाड़ा
रायपुर। प्रदेश में कुपोषण के खिलाफ चल रहे जन-आंदोलन को और सशक्त बनाने के लिए आज 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक 8वां पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मिशन पोषण 2.0 के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य जन-भागीदारी के माध्यम से “कुपोषण मुक्त भारत” के संकल्प को मजबूती देना है। इस वर्ष पखवाड़ा की थीम “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना” रखी गई है, जो बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य और समुचित देखभाल के महत्व को केंद्र में रखती है। विशेषज्ञों के अनुसार, जीवन के पहले छह वर्ष बच्चे के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की नींव होते हैं, इसलिए इस अवधि में उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 से संचालित पोषण अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसके तहत जन-जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष का पोषण पखवाड़ा भी सामुदायिक भागीदारी को केंद्र में रखकर आयोजित किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में प्राचार्यों की राज्य स्तरीय बैठक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालयों के शैक्षणिक कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से प्राचार्यों की राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन 09 अप्रैल 2026 को दोपहर बजे पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज ग्राउंड, रायपुर में किया जाएगा। यह बैठक स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें राज्यभर के लगभग 751 विद्यालयों के प्राचार्य भाग लेंगे।
बैठक में आगामी शिक्षा सत्रं के बोर्ड परीक्षा परिणामों के लक्ष्य निर्धारण, नीट (NEET) एवं जी (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों की भागीदारी और सफलता बढ़ाने की रणनीति, प्रवेश प्रक्रिया, अंग्रेजी भाषा दक्षता में सुधार के प्रयास, पीटीए बैठकों की समीक्षा, पालक-अधिकारियों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। इसी प्रकार सह-शैक्षणिक गतिविधियों की उपलब्धियां, विद्यालयों के आकर्षक शैक्षणिक वातावरण निर्माण, स्मार्ट क्लास एवं पुस्तकालय के उपयोग, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार तथा नवाचार गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी संबंधित प्राचार्यों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करें।
छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग आज से
रायपुर। साझा प्राकृतिक संसाधनों (कॉमन्स) के सुशासन और सामुदायिक संरक्षण पर केंद्रित दो दिवसीय “छत्तीसगढ़ कॉमन्स कंवीनिंग” का आयोजन 9 एवं 10 अप्रैल को सबेरे 10:30 बजे से ट्राइबल रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, सेक्टर-24, नवा रायपुर में किया जाएगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के जनजातीय विकास विभाग के सहयोग से “प्रॉमिस ऑफ कॉमन्स” पहल के अंतर्गत विभिन्न साझेदार संस्थाओं द्वारा किया जा रहा है। सम्मेलन में नीति-निर्माता, सामाजिक कार्यकर्ता, सामुदायिक प्रतिनिधि, शोधकर्ता एवं मीडिया से जुड़े लोग भाग लेकर कॉमन्स के सुशासन, सामुदायिक प्रबंधन और संस्थागत तंत्र पर विचार-विमर्श करेंगे। उद्घाटन सत्र में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा कॉमन्स विषय पर मुख्य वक्तव्य देंगे, जबकि 10 अप्रैल को मुख्य सचिव विकास शील जनजातीय नीति पर संवाद में शामिल होंगे। समापन सत्र में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम शामिल होंगे। सम्मेलन में पद्मश्री सम्मानित पांडी राम मांडवी एवं जोगेश्वर यादव, सामाजिक कार्यकर्ता अश्विनी कंगे और इंदु नेताम, पर्यावरणविद् रामवीर तंवर सहित कई विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कार्यक्रम में कॉमन्स का सुशासन, जलवायु परिवर्तन, आजीविका, सामुदायिक संरक्षण, सांस्कृतिक आयाम और नीति समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन से प्राप्त सुझाव राज्य में साझा संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की नीतियों के निर्माण में सहायक होंगे।
14 अप्रैल को प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में होगा ग्रामसभा का आयोजन
रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार वर्ष में निर्धारित तिथियों के अनुसार ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाना अनिवार्य है। इसी क्रम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती 14 अप्रैल के अवसर पर कबीरधाम जिले सहित प्रदेश के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों एवं उनके आश्रित ग्रामों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने छत्तीसगढ़ पंचायतराज अधिनियम 1993 की धारा-6 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिले में उक्त तिथि को ग्राम सभा आयोजन की अनुमति प्रदान की है।
जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग करना अनिवार्य होगा, जिसे ग्राम सभा निर्णय मोबाइल ऐप में अपलोड किया जाएगा। इसके साथ ही भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही को सरल एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने हेतु “सभासार” नामक नवीन एआई आधारित पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से ग्राम सभा की कार्यवाही का विवरण तैयार किया जाएगा। निर्देशित किया गया है कि ग्राम सभा से संबंधित सभी गतिविधियों को “वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल” में शत-प्रतिशत अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा 23 जनवरी नेताजी सुभाषचन्द्र बोस जयंती, 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, 20 अगस्त पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती, 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अतिरिक्त माह जून एवं नवंबर में सुविधाजनक तिथियों में प्रत्येक ग्राम में ग्रामसभा का आयोजन अनिवार्य रूप से करने का प्रावधान रखा गया है।
साय कैबिनेट की अहम बैठक 15 अप्रैल को
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 15 अप्रैल को साय कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11:30 बजे मंत्रालय में होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में बस्तर के विकास को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। खासतौर पर बस्तर रोडमैप 2.0 पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। साथ ही कैबिनेट बैठक में बस्तर में औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन पर फोकस रहेगा। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिल सकती है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

