Surguja News Update: अंबिकापुर। सरगुजा जिले में किसान सम्मेलन का आयोजन 9 अप्रैल को दोपहर 12 बजे लुण्ड्रा विकासखण्ड में ग्राम पंचायत लुण्ड्रा के छत्रपति शिवाजी मिनी स्टेडियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही सीएम साय सरगुजा के वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व विधायक भटगांव पंडित रविशंकर त्रिपाठी व चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अनावरण कार्यक्रम पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक के समीप दोपहर 2.30 बजे किया जाएगा। सीएम के आगमन और कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव, सरगुजा के प्रभारी और वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री न्यू सर्किट हाउस में करेंगे भेट-मुलाकात

सूरजपुर। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल आज जिले के प्रवास पर रहेंगे। देर शाम सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों से भेट-मुलाकात करेंगे। दूसरे दिन 10 अप्रैल की सुबह गोंडवाना भवन रिंग रोड में आदिवासी कांग्रेस के प्रशिक्षण तथा आदिवासी अधिकार व शक्ति करण शिविर के शुभारंभ में मुख्य अतिथि होंगे। उल्लेखनीय है कि 10 से 12 अप्रैल अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सूरजपुर में किया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह व आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष पावले ने बताया कि 10 अप्रैल को प्रारंभ शिविर 12 अप्रैल तक तीन दिवसीय आवासीय शिविर है जो आदिवासी अधिकार एवं शक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण शिविर है। अखिल भारतीय स्तर से इस शिविर का संचालन दिल्ली से आए एआईसीसी के प्रशिक्षकों द्वारा किया जाएगा। जिसमें संभाग के सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया व मनेन्द्रगढ़ जिले के चयनित प्रतिभागी शिविर में शिरकत करेंगे।

डाकघर ने प्रारंभ की अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा

अंबिकापुर। भारतीय डाक विभाग ने अंतर्राष्ट्रीय पार्सल सेवा की सुविधा मुख्य डाकघर सहित संभाग के प्रमुख उप डाकघरों में मिलेगी। डाक अधीक्षक ने बताया कि इस सेवा के तहत 200 से अधिक देशों में पार्सल भेजने की सुविधा मिलेगी तथा लोन दस्तावेज, उपहार, कपड़े, इलेक्ट्रानिक्स एवं घरेलू सामान भेज सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय पार्सल का अधिकतम वजन 20 किलो तक निर्धारित किया गया है तथा ट्रेकिंग सुविधा के साथ 7 से 15 दिनों के भीतर डिलीवरी की सुविधा प्रदान की गई है। विभाग ने ई कॉमर्स पार्टनरशिप के तहत ऑनलाइन बुकिंग एवं कैश ऑन डिलीवरी की भी व्यवस्था प्रारंभ की है।

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

बिश्रामपुर। ग्राम जयनगर उरांवपारा निवासी 19 वर्षीय दीपक तिर्की उर्फ लक्की पिता फलेश्वर तिर्की मंगलवार की रात मोहल्ले में एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था, रात में वापस घर लौटने के बाद अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा व पीएम उपरांत शव को परिजन के सुपुर्द किया एवं मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।

स्कूल में शराब पीने वाले प्रधान पाठक और सहायक शिक्षक निलंबित

मनेन्द्रगढ़। जिले के शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता के एक गंभीर मामले पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्राथमि शाला बाला, विकासखंड मनेन्द्रगढ़ तहसील केल्हारी में पदन प्रधान पाठक पारस राम वर्मा एवं सहायक शिक्षक मेहीला सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनेन्द्रगढ़ ड विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौस दोनों शिक्षक ड्यूटी के समय शराब के नशे में पाए गए। संबंध में मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों के बयान दर्ज कि गए, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता देखते हुए दोनों शिक्षकों को चिकित्सकीय परीक्षण के लि सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ ले जाया गया।

उर्वरक कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार उड़नदस्ता की ताबड़तोड़ कार्रवाई

मनेन्द्रगढ़। जिले में किसानों को समय पर एवं उचित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर बुधवार को विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके उर्वरक विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। उड़नदस्ता दल को निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर लापरवाही एवं नियमों की अनदेखी मिली। इनमें प्रमुख हैं- स्टॉक बोर्ड एवं मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं करना, स्कंध पुस्तिका का संधारण नहीं करना, बिना वैध प्राधिकार पत्र
के उर्वरक विक्रय, पीओएस मशीन से रसीद जारी नहीं करना एवं स्टॉक में अंतर है। नियम उल्लंघन पर संबंधित प्रतिष्ठानों के उर्वरक स्टॉक का 21 दिनों के लिए विक्रय प्रतिबंधित, 7 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

पांचवीं और आठवीं की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू

बैकुंठपुर। केंद्रीकृत 5वीं एवं 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है। बीते वर्ष की भांति इस वर्ष भी विकासखंड बदलकर उक्त कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत कक्षा पांचवीं तथा आठवीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बैकुंठपुर में, जबकि बैकुंठपुर विकासखंड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सोनहत जनपद में किया जा रहा है। इसके लिए दोनों विकासखंडों में समय पर मूल्यांकन कार्य पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीकृत 5वीं की परीक्षा 25 मार्च को समाप्त हो चुकी थी और केंद्रीकृत 8वीं की परीक्षा 6 अप्रैल को समाप्त हुई। इसके साथ ही दोनों कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मूल्यांकन कार्य का मानदेय अटका

जिले में 5वीं और 8वीं के मूल्यांकन कार्य के बीच शिक्षकों के मानदेय को लेकर असंतोष सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, बीते वर्ष मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को अब तक मानदेय नहीं मिला है और इस वर्ष भी इसे लेकर संशय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, बीते वर्ष ही DPI द्वारा शिक्षकों को मानदेय देने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं हो पाया। इसी कारण पिछले वर्ष मूल्यांकन कार्य करने वाले शिक्षकों को अब तक भुगतान नहीं मिल सका है।

एक्सीडेंट के बाद दिव्यांग हुए युवक ने उठाया खौफनाक कदम, जहर पीकर दी जान

अंबिकापुर। एक्सीडेंट के बाद कमर से नीचे का हिस्सा काम नहीं करने से परेशान युवक ने परिजन को बिना बताए ही शहर आ गया और बनारस रोड स्थित एक होटल के पीछे कीटनाशक पी लिया। युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।

जानकारी के अनुसार जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम तुलसी खालपारा निवासी प्रेमचंद राजवाड़े आ. परमेश्वर राजवाड़े (24 वर्ष) का 2022 में कार से एक्सीडेंट हो गया था। दुर्घटना के बाद युवक के कमर के नीचे का काम करने से दिव्यांग हो गया। किसी प्रकार के काम नहीं कर पाने से युवक मानसिक रूप से परेशान हो गया। 28 मार्च को जब परिजन काम पर गए थे तभी युवक ने पड़ोसी बच्चों को बुलाकर अपने ट्राई साइकिल में बैठा और अंबिकापुर आ गया। परिजन युवक के घर पर नहीं होने से कई बार फोन किया लेकिन युवक कोई जवाब नहीं दिया। इसी बीच युवक ने बनारस रोड स्थित एक होटल के पीछे कीटनाशक पी लिया। युवक को गंभीर हालत में आसपास के लोगों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया तथा युवक के मोबाइल से परिजन को घटना की जानकारी दी। बीती रात युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।

संदिग्ध परिस्थतियों में महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस

अंबिकापुर। महिला की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत का मामला सामने आया है। महिला के पति ने उसके बेहोश होकर गिरने की बात कही है जबकि एमएलसी में मारपीट के निशान मिले है। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है। बताया जा रहा है दरिमा सलका गौटिया पारा निवासी 48 वर्षीय हिन्दू कंवर केवट आ. नंदू प्रसाद केंवट पति के साथ ईंट भट्टा में काम करती थी। महिला के पति का कहना है कि काम करके पैदल घर लौटते समय महिला अचानक ही बेहोश होकर गिर गई।