Bastar News Update: दंतेवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी अजा मोर्चा छत्तीसगढ़ में संगठात्मक विस्तार के महत्वपूर्ण नियक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में बचेली नगरीय क्षेत्र के युवा 4 बार के भाजपा पार्षद धनसिंग नाग को भारतीय जनता पार्टी अनु जाति मोर्चा बस्तर जिला का जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।

इनामी राशि में 30 प्रतिशत कटौती पर कांग्रेस का हमला

जगदलपुर। बस्तर हैरिटेज मैराथन के विजेता खिलाड़ियों की इनामी राशि में जीएसटी के नाम पर की गई कटौती को लेकर अब सियासी माहौल गरमा गया है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को घोषित पुरस्कार राशि में से 10,000 रुपये से अधिक राशि पर लगभग 30 प्रतिशत की कटौती कर भुगतान किया गया, जो खिलाड़ियों के साथ अन्याय है। उदाहरण स्वरूप बस्तर की धाविका कुसुम शार्दुल को घोषित 1,50.000 रुपये की राशि के स्थान पर केवल 1,05,000 रुपये दिए गाए। इसी प्रकार 100 से अधिक खिलाड़ियों की राशि में कटौती की गई, जिससे नाराजगी बढ़ गई है। कांग्रेस का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ है, जिससे प्रदेश की छवि भी प्रभावित हो सकती है।

मामले का और गंभीर बनाते हुए 42 किमी मैराथन में धांधली के आरोप भी सामने आए हैं। बताया गया कि कुछ प्रतिभागियों ने कथित रूप से सरकारी वाहन की सहायता लेकर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया, जिसकी शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रशासन ने उन्हें विजेता सूची से बाहर कर दिया। हालांकि, संबंधित वाहन चालक पर अब तक कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे है। इस पूरे घटनाक्रम ने आयोजन की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी संदेह पैदा कर दिया है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा नेताओं से खिलाड़ियों के अपमान पर माफी मांगने और सात दिन के भीतर पूरी इनामी राशि देने की मांग की है, अन्यथा जिला पंचायत जगदलपुर का घेराव करने की चेतावनी दी है।

वन विभाग का अवैध लकड़ी परिवहन पर एक्शन

जगदलपुर। वन परिक्षेत्र करपावंड के अंतर्गत ग्राम गारेंगा के बाजार चौक पर वन विभाग की टीम ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान टाटा 1109 वाहन क्रमांक सीजी 27-जी 0144 को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें महुआ एवं आम के जलाऊ मिश्रित 7 चट्टा अवैध रूप से परिवहन करते पाए गए। वाहन चालक भवानी प्रसाद सूर्यवंशी निवासी देउरबाल मौके पर वनोपज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध अनुज्ञा पत्र या दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह असफल रहा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर परिसर रक्षक तुलेश बघेल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी के सातों चट्टे और वाहन को भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 की सुसंगत धाराओं के तहत जप्त कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी करपावंड ने जब्त वाहन और सामग्री को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी विधिवत सूचना प्राधिकृत अधिकारी एवं उपवनमंडलाधिकारी बस्तर को प्रेषित कर दी गई है।

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

कोंडागांव। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से आए जावगरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सलना डूमरापारा के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला के खेल मैदान पर अतिक्रमण की शिकायत की, जिस पर एसडीएम केशकाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए आगाए। ग्राम निलजी के कुंवरलाल खोल ने प्री-मैट्रिक बालक छात्रवास खोलने की मांग रखी जिस पर आदिवासी विकास विभाग को निर्देशित किया गया। ग्राम अदगार लेमड़ी और काटागांव के ग्रामीणों ने वन अधिकार पत्र एवं चंटवारे से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

बैंक ऑफ बड़ौदा कोंडागांव में नेशनल लोक अदालत और विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

कोंडागांव। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रीगरी के मार्गदर्शन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव गायत्री साय के नेतृत्व में आम नागरिकों के प्रति विधिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज बैंक ऑफ बड़ौदा कोंडागांव परिसर में दिनांक 09 मई 2026 एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी एवं आम नागरिकों को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से सुलभ, त्वरित एवं सस्ती न्याय व्यवस्था की जानकारी प्रदान करना रहा।

इस दौरान प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट के द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे उपभोक्ता अधिकार बैंकिग से संबंधित कानूनी प्रावधान, साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल अधिकार तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को सुना गया तथा उन्हें कानूनी सलाह प्रदान की गई। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि वे किस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते है। इसी प्रकार नेशनल लोक अदालत के बारे में प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का त्वरित एवं सरल निराकरण किया जा सकता है, जिससे समय व धन दोनो की बचत होती है। विशेष रूप से बैंकिंग एवं ऋण संबंधी प्रकरणों के निपटारे के लिए नेशनल लोक अदालत एक प्रभावी माध्यम है।।

परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 अप्रैल को

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन विभाग के अन्तर्गत परिवहन आरक्षक के रिक्त पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन आगामी रविवार 19 अप्रैल 2026 को किया जा रहा है। बस्तर जिले में इस परीक्षा के सफल संचालन हेतु कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 01ः15 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इस लिखित भर्ती परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं, जिसमें कुल 5,720 परीक्षार्थी शामिल हांेगे। जिसके तहत परीक्षा केंद्र शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा में 360, झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 360, शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय में 360, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल क्र.-1 में 360, और शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में 360, सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल क्र.-2 में 360, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा में 360, स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंट स्कूल संजय मार्केट में 360, स्वामी आत्मानंद हिन्दी मीडियम स्कूल रेल्वे कालोनी में 300 और धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक में 240, शासकीय हायर सेकेण्डरी विद्यालय भगत सिंह पथरागुड़ा में 300, पोटानार में 300, बिलोरी में 240, आसना में 300, बोरपदर में 180, हाईस्कूल केवरामुण्डा में 120, घाटलोहंगा में 120, आड़ावाल में 240, कालीबाड़ी हाईस्कूल में 120, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 240 और शासकीय आईटीआई जगदलपुर में 140 परीक्षार्थी शामिल होंगे

अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटा पूर्व केंद्र पहुंचना होगा, क्योंकि मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले, यानी सुबह 10ः30 बजे अनिवार्य रूप से बंद कर दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की जाएगी। परीक्षार्थियों को अपने साथ इंटरनेट से प्राप्त साफ-सुथरा मूल प्रवेश पत्र और एक मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड लाना अनिवार्य है, पहचान पत्र न होने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट न हो, तो दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ रखना आवश्यक है।

ड्रेस कोड का पालन करते हुए अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े, टी-शर्ट और पैरों में चप्पल पहनकर आना होगा, जबकि जूते-मोजे, बेल्ट, घड़ी, चश्मा, स्कार्फ और किसी भी प्रकार के आभूषण जैसे बाली या झूमका पहनना पूरी तरह वर्जित है। परीक्षा हॉल में केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन की ही अनुमति होगी।

अधिकारी-कर्मचारियों की विभागीय परीक्षा 3 अगस्त से

जगदलपुर। बस्तर संभाग के अंतर्गत कार्यरत शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आगामी 3 अगस्त से विभागीय परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में स्पष्ट किया गया है कि आगामी विभागीय परीक्षाएं 3 अगस्त से प्रारंभ होकर 10 अगस्त तक संचालित की जाएंगी। कमिश्नर डोमन सिंह द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार वर्ष 2026 की विभागीय परीक्षाओं परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में संभाग के सातों जिलों बस्तर, कांकेर, दन्तेवाड़ा, बीजापुर्, नारायणपुर, सुकमा और कोंडागांव के कलेक्टरों को विधिवत सूचना भेज दी गई है ताकि स्थानीय स्तर पर सभी विभागों में इसकी जानकारी समय पर पहुंच सके। इन परीक्षाओं में सम्मिलित होने के इच्छुक पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।