Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (10 अप्रैल 2026) की खबरों में जनगणना से पहले शुरू होगा हाउसिंग और जीवन स्तर सर्वे, 1511 अनधिकृत कॉलोनियों का ड्रोन सर्वे करेगी MCD, राघव चड्ढा का AAP नेताओं पर पलटवार प्रमुख रहा।

दिल्ली में जनगणना से पहले शुरू होगा हाउसिंग और जीवन स्तर सर्वे
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आगामी जनगणना से पहले एक अहम प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत पहले चरण में शहर के लोगों के मकानों और उनके जीवन स्तर (आर्थिक स्थिति) से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस बार सर्वे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। जानकारी के मुताबिक, New Delhi Municipal Council (एनडीएमसी) क्षेत्र में रहने वाले लोग 15 अप्रैल तक अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। वहीं, Municipal Corporation of Delhi (एमसीडी) क्षेत्र के निवासियों को 1 से 15 मई के बीच यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।

1511 अनधिकृत कॉलोनियों का ड्रोन सर्वे करेगी MCD
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए Municipal Corporation of Delhi प्रशासन अब इन क्षेत्रों का ड्रोन सर्वे कराने जा रहा है। इस सर्वे के जरिए कॉलोनियों में मौजूद निर्माण और उनकी स्थिति का सटीक डेटा जुटाया जाएगा। निगम के भवन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने हाल ही में 1511 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का निर्णय लिया है, जिसके संबंध में बीते सोमवार को अधिसूचना भी जारी की गई थी। इस फैसले के तहत इन कॉलोनियों में मौजूद निर्माण को ‘जैसा है, जहां है’ (As Is, Where Is) के आधार पर नियमित किया जाएगा।

CM रेखा गुप्ता का अल्टीमेटम; 30 जून तक पूरी हो नालों की सफाई
राजधानी में मॉनसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लें। मुख्यमंत्री ने खास तौर पर नालों की सफाई और गाद (सिल्ट) निकालने के काम को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यह कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।

राघव चड्ढा का AAP नेताओं पर पलटवार
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadda) के संसदीय कामकाज को लेकर पार्टी के भीतर ही बहस तेज हो गई है। कुछ नेताओं ने उन पर संसद में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर न होने और “सॉफ्ट PR” में अधिक सक्रिय रहने के आरोप लगाए हैं। इसी बीच पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने उनके रुख को लेकर सवाल उठाते हुए यहां तक संकेत दिया कि राघव चड्ढा के भारतीय जनता पार्टी (नरेंद्र मोदी) में जाने की संभावना भी हो सकती है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः–
DDA का बुलडोजर एक्शन: दिल्ली में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने सैनिक फार्म इलाके में बुलडोजर चलाकर करीब 12 एकड़ भूमि पर फैले कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान के दौरान लगभग 23 फार्महाउसों पर बुलडोजर चलाया गया। बताया जा रहा है कि ये सभी निर्माण अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आते थे और लंबे समय से जमीन पर कब्जे में थे। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने हाल के दिनों में राजधानी के कई इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सैनिक फार्म क्षेत्र को भी निशाने पर लिया गया, जहां बड़े पैमाने पर अवैध फार्महाउस बने हुए थे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट से संजय भंडारी को झटका: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने हथियार सलाहकार संजय भंडारी (Sanjay Bhandari) को बड़ा झटका देते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने निचली अदालत के उस फैसले को सही ठहराया है, जिसमें भंडारी को ‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी’ (Fugitive Economic Offender) घोषित किया गया था। हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निचली अदालत का आदेश कानून और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दिया गया था, इसलिए उसमें हस्तक्षेप करने की कोई आवश्यकता नहीं है। (पढ़े पूरी खबर)
कंटेंट क्रिएटर अभिनव अरोड़ा के पिता की कार पर हमला: राजधानी दिल्ली में 10 साल के कंटेंट क्रिएटर अभिनव अरोड़ा के पिता की कार पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, कार चलते समय रास्ते में खड़ी एक बाइक से हल्का टच हो गया था। इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों ने चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया और विवाद बढ़ गया।विवाद बढ़ने के बाद भीड़ ने कार चालक, जो कि अभिनव अरोड़ा के पिता हैं, पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी हत्याकांड: पंजाब की चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरोन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह मेहरोन घटना के बाद देश छोड़कर मिडिल ईस्ट भाग गया था। उसे बाद में ट्रैक कर भारत लाया गया, जहां शुक्रवार तड़के दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई को पंजाब पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ कर पूरे हत्याकांड की साजिश और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)
DJB की वेबसाइट पर बड़ा बदलाव: नई दिल्ली। राजधानी में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने अपनी वेबसाइट में बड़ा बदलाव किया है। अब कोई भी अनजान व्यक्ति किसी दूसरे उपभोक्ता की निजी जानकारी नहीं देख पाएगा। यह कदम पिछले साल ‘नो योर केएनओ’ (Know Your KNO) पोर्टल के जरिए हुई डेटा चोरी और साइबर ठगी की घटनाओं के बाद उठाया गया है। दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, पहले इस पोर्टल के माध्यम से बड़ी संख्या में यूजर्स की जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बन गई थी, जिससे धोखाधड़ी के मामले सामने आए थे। इसके बाद सुरक्षा कारणों से पोर्टल को अस्थायी रूप से हटा दिया गया था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट का अहम फैसला: दिल्ली हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश में स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चे का पासपोर्ट केवल पिता के नाम पर निर्भर नहीं होगा। अदालत ने कहा कि विशेष परिस्थितियों में बच्चा बिना पिता के नाम के भी पासपोर्ट बनवा सकता है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि यह व्यवस्था माता या पिता दोनों पर समान रूप से लागू हो सकती है। यदि यह स्पष्ट हो कि बच्चा पूरी तरह से किसी एक अभिभावक मां या पिता के संरक्षण में है, तो पासपोर्ट जारी करने में दूसरे अभिभावक के नाम को अनिवार्य नहीं माना जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

