पटना। बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। भाजपा के दिग्गज नेता सम्राट चौधरी आज सुबह 11 बजे बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह लोकभवन के जर्मन हैंगर में आयोजित किया जाएगा। इस बदलाव के साथ ही बिहार में करीब दो दशकों से चले आ रहे नीतीश युग का फिलहाल समापन हो रहा है और पहली बार राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनने जा रही है। इस कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली से पटना पहुंचे जेपी नड्डा भी लोकभवन में मौजूद है।

सुरक्षा बढ़ी, पहुंचे लोकभवन

मुख्यमंत्री मनोनीत होने के साथ ही सम्राट चौधरी की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शपथ ग्रहण से पहले वह पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगे नजर आए। सम्राट चौधरी सुबह-सुबह पंचमुखी हनुमान मंदिर के लिए रवाना हुए, जहां वह पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की मंदिर में दर्शन के पश्चात लोक भवन पहुंच गए है बस कुछ ही मिनटों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम शुरू होगा

विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव बनेंगे डिप्टी CM

समारोह में सम्राट चौधरी के साथ जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव भी शपथ लेंगे। ये दोनों अनुभवी नेता नई सरकार में उप-मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे। सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में इतिहास दर्ज कराएंगे।

नीतीश कुमार का इस्तीफा और नई भूमिका

कल यानी सोमवार को नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया था। वह पिछले 20 वर्षों से बिहार की सत्ता के केंद्र में थे। बताया जा रहा है कि अब वह राष्ट्रीय राजनीति की ओर रुख करेंगे और राज्यसभा जा सकते हैं।

नीतीश जी से सीखा सरकार चलाना

विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट चौधरी ने शालीनता दिखाते हुए कहा कि उनका 30 साल का राजनीतिक अनुभव आज इस मुकाम पर पहुंचा है। उन्होंने कहा, मैंने नीतीश कुमार जी के साथ रहकर ही सरकार चलाने की बारीकियां सीखी हैं। उन्होंने समृद्ध बिहार का जो सपना देखा है, उसे हम सब मिलकर पूरा करेंगे।