CG Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:50 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वे विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित ‘नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शासकीय सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस गरिमामय समारोह के पश्चात, मुख्यमंत्री दोपहर 1:05 बजे सिविल लाइन स्थित अपने निवास लौटेंगे, जहां दोपहर का समय प्रशासनिक कार्यों के लिए आरक्षित रखा गया है।

दिन के दूसरे चरण में, मुख्यमंत्री शाम 6:00 बजे पंडरी रोड स्थित ऑक्सीजोन पहुँचेंगे, जहाँ वे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की कचहरी शाखा के नवनिर्मित परिसर का विधिवत उद्घाटन करेंगे। ऑक्सीजोन के समीप स्थित इस नवीन बैंक परिसर के शुभारंभ के पश्चात, वे शाम 6:35 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के इन दौरों को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं सुगम यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई है।

वेदांता पावर प्लांट हादसे के बाद सक्ती पहुंचेंगे उद्योग मंत्री देवांगन

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज सक्ती और रायगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सबसे पहले रायगढ़ पहुंचकर निजी और शासकीय अस्पतालों में भर्ती वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे में घायल मजदूरों से मुलाकात करेंगे और उनका हालचाल जानेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से उपचार और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी लेंगे।

अस्पतालों में घायलों से मुलाकात, सक्ती में समीक्षा बैठक शाम 5 बजे

मंत्री देवांगन रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में जाकर भर्ती मजदूरों से सीधे संवाद करेंगे और इलाज की स्थिति की समीक्षा करेंगे, ताकि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

रायगढ़ से सक्ती लौटने के बाद शाम 5 बजे मंत्री विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में कलेक्टर, एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे को लेकर मंत्री अधिकारियों से पूरी जानकारी लेंगे और आगे की कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।

वेदांता पावर प्लांट हादसे के पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे PCC चीफ बैज,

वेदांता पावर प्लांट हादसे के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले का दौरा करेंगे। वे हादसे के स्थल सिंघीतराई पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बैज अधिकारियों और प्लांट प्रबंधन से भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे रायगढ़ के अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जानेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 7 बजे रायगढ़ से रायपुर के लिए रवाना होंगे।

जनगणना 2026-27: आज से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया

जनगणना 2026-27 के तहत आज 16 अप्रैल से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत नागरिक 30 अप्रैल तक अपनी जानकारी खुद ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जो लोग पहले ही ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर देंगे, उन्हें प्रगणकों को दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं होगी।

समय की बचत और सटीक डेटा का फायदा, जाने कैसे करें आवेदन

ऑनलाइन स्व-गणना से लोगों का समय बचेगा और दर्ज की गई जानकारी अधिक सटीक रहेगी। इससे स्पेलिंग और डेटा संबंधी त्रुटियों की संभावना भी कम हो जाएगी। दरअसल, प्रगणकों के पास घर-घर जाकर काफी काम होता है, ऐसे में मैन्युअल एंट्री के दौरान गलतियों की संभावना बढ़ जाती है।

स्व-गणना के लिए लोगों को SELF-ENUMERATION PORTAL (se.census.gov.in) पर जाकर स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिला प्रशासन भी इस अभियान को बढ़ावा दे रहा है। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन जानकारी जमा करने की अपील की है, ताकि जनगणना कार्य को सरल और प्रभावी बनाया जा सके।

आरटीई मुद्दे पर निजी स्कूलों का असहयोग आंदोलन तेज

प्रदेशभर के निजी स्कूल 1 मार्च से असहयोग आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में 4 अप्रैल को छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने फैसला लिया था कि आरटीई के तहत लॉटरी से चयनित वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 17 अप्रैल को सभी स्कूल संचालक और शिक्षक काली पट्टी बांधकर काम करेंगे, जबकि 18 अप्रैल को प्रदेश के सभी निजी स्कूल बंद रहेंगे।

एसोसिएशन ने स्कूल शिक्षा विभाग से प्रति विद्यार्थी प्रतिपूर्ति राशि सार्वजनिक करने की मांग की है, जिसे 2011 के बाद अब तक संशोधित नहीं किया गया है। अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने इसकी जानकारी दी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H