अभिषेक सेमर, तखतपुर। नगर के मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह ने किया। लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे नगरवासियों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। यह सड़क बहुप्रतीक्षित मांग रही है। लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क और नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा। नगर की जर्जर सड़कों के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे लेकर लगातार मांग उठ रही थी।

मांग की गंभीरता को देखते हुए शासन-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की। भूमि पूजन के साथ ही यह उम्मीद जताई जा रही है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह ने कहा कि अपने 22 साल के विधायकी कार्यकाल में उन्होंने कभी भी अपने हाथों से भूमि पूजन नहीं किया, बल्कि यह कार्य हमेशा माताओं और बहनों से करवाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि तखतपुर की यह सड़क समस्या लंबे समय से चली आ रही थी और वर्ष 2023 के चुनाव में धूलमुक्त सड़क बनाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन वे केवल वादे ही बनकर रह गए। उन्होंने बताया कि आज से तखतपुर में सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत हो रही है, जिससे नगरवासियों को राहत मिलेगी। पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बरेला-तखतपुर मनियारी पुल के मरम्मत के नाम पर केवल दिखावा किया गया और लोगों को खराब सड़कों पर चलने के लिए मजबूर किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर की सड़कों को लेकर छोटे-छोटे बच्चों को भड़काकर चक्काजाम कराया गया, जिसके चलते उन पर मामले दर्ज हो गए। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व शासनकाल में केवल विधायक का ही नाम प्रमुखता से सामने आता था, अन्य नेताओं की कोई भूमिका नहीं रहती थी।

धर्मजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण का ठेका किसी रिश्तेदार को नहीं दिया गया है और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना नगर के सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में बाधा डालने और बच्चों को आगे कर विरोध प्रदर्शन कराना उचित नहीं है। अंत में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में बिजली, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सिंचाई और अन्य निर्माण कार्यों को गति देना है, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. माधवी वस्त्रकार, जिला पंचायत सदस्य अंबिका साहू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष वंदना सिंह सहित नगर के जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।