लखनऊ. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ‘अटल नगर योजना’ के तहत कुल 630 फ्लैट्स के लिए पंजीकरण खोलने जा रहा है. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को इसे लेकर आदेश जारी कर दिया है. 18 अप्रैल से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत होगी. जिसके बाद 1 महीने तक आप पंजीकरण करा सकते हैं. योजना के अंतर्गत 1 बीएचके के 539 और 2 बीएचके के 91 फ्लैटों के लिए पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट (https://ldalucknow.in) के माध्यम से ही कराया जा सकेगा. भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा.

एलडीए से मिली जानकारी के मुताबिक देवपुरपारा में बने अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं. 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन फ्लैटों की कीमत लगभग 9.82 लाख रूपये से शुरू होती है. पहले लॉटरी के माध्यम से फ्लैटों का आवंटन किया गया था. जिसमें शेष 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई तक फिर से पंजीकरण खोला जा रहा है.

इसे भी पढ़ें : UP WEATHER TODAY : दोपहर में सूनी हो रही सड़कें, पूरे तेवर दिखा रही गर्मी, 40 के करीब पहुंचा पारा

इस स्कीम में स्वच्छ जल और विद्युत आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन और किड्स प्ले एरिया समेत पार्किंग आदि की सुविधा दी गई है. 1 बीएचके के फ्लैट के लिए 55,658 रुपये और दो बीएचके के फ्लैट के लिए 1,00852 रूपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जोकि आवंटन न होने की दिशा में आवेदक को वापस कर दिया जाएगा. आवासीय परिसर में 500 चार पहिया वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के निर्देश दिए गए हैं. एलडीए ने पार्किंग के लिए ले-आउट में उपयुक्त स्थान चिन्हित करते हुए 15 दिन के अंदर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा है.