Bastar News Update : बीजापुर. बीजापुर जिले के फरसेगढ़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. डीआरजी और बीडीएस टीम संयुक्त अभियान पर निकली थी. पील्लूर-अन्नाराम मार्ग पर एरिया डॉमिनेशन के दौरान सूचना मिली. अन्नापुर जंगल में सर्चिंग के दौरान जमीन में छिपा डम्प मिला. माओवादियों ने सफेद पानी टंकी में सामग्री भरकर गाड़ रखी थी. बरामदगी में 50 किलो गंधक मिला है. दो बोरियों में करीब 100 किलो यूरिया भी मिला. साथ ही 10 किलो गन पाउडर बरामद किया गया. समय रहते कार्रवाई से बड़ी साजिश नाकाम हुई है. सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर सामग्री नष्ट की गई. इलाके में लगातार सर्चिंग अभियान जारी रखा गया है. पुलिस ने जनता से संदिग्ध वस्तु दिखने पर सूचना देने अपील की है. सतर्कता से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है.  

बाल विवाह पर पहली बार सख्त कानूनी वार

बस्तर. बस्तर जिले में बाल विवाह के खिलाफ प्रशासन ने पहली बार कड़ा रुख अपनाया है. नगर कोतवाली में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई. मामला जगदलपुर ब्लॉक के 21 मार्च 2026 को हुए विवाह समारोह से जुड़ा है. शुरुआत में यह सामान्य शादी लगी, लेकिन शिकायत के बाद जांच शुरू हुई. जांच में सामने आया कि वधु की उम्र 18 वर्ष से कम थी. सत्यापन के बाद बाल संरक्षण विभाग ने तत्काल कानूनी कार्रवाई की. वर और वधु पक्ष के कुल 5 लोगों को आरोपी बनाया गया है. जिले में चार वर्षों में 15 मामले सामने आने की जानकारी मिली है.

पहले ऐसे मामलों में समझाइश देकर छोड़ने की परंपरा रही. अब प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से समझौता नहीं होगा. 18 से कम लड़की और 21 से कम लड़के की शादी अपराध है. दोषियों को 2 साल सजा या 1 लाख जुर्माना हो सकता है. यह कार्रवाई सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.

250 करोड़ की सड़कों से गांवों को मिलेगी रफ्तार

बस्तर. बस्तर जिले में विकास को नई गति देने वाली बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत हुई. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेस-4 के तहत 86 कार्यों की आधारशिला रखी गई. इन सड़कों की कुल लंबाई 235.45 किलोमीटर बताई गई है परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 250 करोड़ रुपये है. कार्यक्रम का प्रसारण कुम्हरावंड सभागार में किया गया. ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर दिया गया. लोहंडीगुड़ा, दरभा, बास्तानार और तोकापाल को बड़ा लाभ मिलेगा. दशकों पुरानी आवागमन समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है. जनप्रतिनिधियों ने इसे विकास की नई लकीर बताया.

स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होगी. सड़कें गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगी. अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने निर्देश दिए गए. बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब विकास की रफ्तार और तेज होगी.

आयरन ओर धूल से स्टेशन बेहाल, यात्री परेशान

जगदलपुर. जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर आयरन ओर लोडिंग अब बड़ी परेशानी बन गई है. माल ढुलाई के दौरान उड़ने वाली धूल से प्लेटफार्म गंदगी से भर रहे हैं. यात्रियों को बैठने से पहले कुर्सियां तक साफ करनी पड़ रही हैं.

हर दूसरे दिन 65 बोगियों वाली रैक लगने की जानकारी है. रैक का माल सैकड़ों ट्रकों में भरकर प्लांटों तक भेजा जाता है. लोडिंग के दौरान सबसे ज्यादा धूल उड़ने की शिकायत है. स्टेशन कर्मियों को दिन में तीन-चार बार सफाई करनी पड़ती है. सफाई के लिए मशीनें खरीदी गईं, फिर भी राहत नहीं मिली. नकटी सेमरा में नई साइड बनाने की योजना पर विरोध हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने क्षेत्र को प्रदूषणग्रस्त नहीं होने देंगे. आरापुर स्टेशन का उदाहरण देकर लोग चिंता जता रहे हैं. रेलवे के सामने अब व्यवस्था और विरोध दोनों बड़ी चुनौती हैं. यात्रियों ने स्वच्छ स्टेशन की मांग तेज कर दी है.

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नई तकनीक की एंट्री

जगदलपुर. बस्तर संभाग की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी तकनीकी सौगात मिली है.  शहर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आधुनिक स्टेरलाइजर मशीन लगी है. यह सुविधा संभाग के सरकारी या निजी अस्पतालों में पहली बताई जा रही है. अब संवेदनशील उपकरणों को बाहर भेजने की जरूरत कम होगी. रायपुर या विशाखापत्तनम पर निर्भरता घटेगी. इलाज की लागत और समय दोनों में राहत मिलेगी. कैथेटर, ट्यूब, ग्लव्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सुरक्षित होंगे. गर्मी से खराब होने वाले उपकरण अब सुरक्षित तरीके से साफ होंगे. 250 लीटर क्षमता वाली मशीन अस्पताल में स्थापित की गई है. क्रॉस इन्फेक्शन का खतरा कम होने की उम्मीद है. आपातकालीन सर्जरी में भी तेज तैयारी संभव होगी. स्थानीय मरीजों को अब उच्च स्तरीय सुविधा घर के पास मिलेगी. यह उपलब्धि स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है.

अप्रैल में तपने लगा बस्तर, पारा 40 के पार

बस्तर. बस्तर में गर्मी ने अप्रैल में ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया. लोग जल्द 42 डिग्री तक तापमान जाने की आशंका जता रहे हैं. तेज धूप से दिनभर लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम दिख रहे हैं. घरों और दुकानों में एसी का उपयोग बढ़ गया है. बाजार में ठंडे पेय और तरल पदार्थों की मांग बढ़ी है. कई जगह प्याऊ लगाकर राहगीरों को राहत दी जा रही है. रात के समय भी उमस जैसी स्थिति महसूस हो रही है. न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री तक पहुंचा बताया गया है. पिछले साल मौसम बदलाव से इतनी गर्मी नहीं पड़ी थी. इस बार अप्रैल के दूसरे सप्ताह से लगातार तापमान बढ़ रहा है. नौतपा से पहले ही गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

तीन गांवों में सीमा विवाद से तनाव

बस्तर. भानपुरी क्षेत्र में तीन गांवों के बीच सीमा विवाद ने तनाव बढ़ा दिया है. भानपुरी, बेसोली और बाकेल के ग्रामीण आमने-सामने आ गए. विवाद मरघट स्थल की जमीन और सीमा निर्धारण को लेकर है. ग्रामीणों के बीच कहा-सुनी के बाद माहौल गर्म हो गया. भानपुरी और बाकेल पक्ष ने कब्जे के आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार अपने क्षेत्र में होना चाहिए. मामले ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस मौके पर सक्रिय हुए. तीनों गांवों के बीच समझाइश और मध्यस्थता की कोशिश जारी है. एकलव्य स्कूल के नामकरण को लेकर भी मांग उठी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पष्ट सीमांकन की मांग की है. तनाव को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ाई गई है. समाधान नहीं हुआ तो विवाद और बढ़ सकता है.

वन विभाग की रातभर दबिश, 4 लाख की सागौन जब्त

सुकमा. वनों की सुरक्षा को लेकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. किस्टाराम और गोलापल्ली क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया. मुखबिर सूचना पर आरक्षित वन क्षेत्र में दबिश दी गई. धर्मपेंटा बीट से 21 नग सागौन लट्ठे बरामद किए गए. लकड़ी छिपाकर रखी गई थी, तस्कर मौके से भाग निकले. जब्त लकड़ी डिपो पहुंचाकर प्रकरण दर्ज किया गया है. गोलापल्ली क्षेत्र में भी रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई हुई. दो अलग मामलों में करीब 2 घन मीटर लकड़ी पकड़ी गई. कुल 3.422 घन मीटर अवैध सागौन जब्त होने की जानकारी है. जब्त लकड़ी की कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है. अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने संयुक्त मोर्चा संभाला. अज्ञात तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है. वन विभाग ने साफ किया है कि तस्करी पर सख्त वार जारी रहेगा.