Char dham Yatra 2026. गंगा मैया की डोली श्री गंगोत्री धाम पहुंच चुकी है. अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आज 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर श्री गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे.
बता दें कि शनिवार को मां गंगा की भोग मूर्ति विग्रह डोली अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई थी. इस विशेष अवसर के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों और देश के विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु मुखबा पहुंचे थे. गंगा जी की भोग मूर्ति, विग्रह डोली में शनिवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में आर्मी बैंड और ढोल दमाऊं की अगुवाई और मुखबा धराली के समेश्वर देवता की देवडोली के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया गया था. तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं के साथ गंगा की डोली मुखबा-जांगला के 7 किमी के जोखिम भरे मार्ग से होते हुए उसके बाद डोली रात्रि विश्राम के लिए भैरों घाटी पहुंची.
इसे भी पढ़ें : चारधाम यात्रा पर जाने वाली बसों को CM धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, कहा- सरकार का लक्ष्य, हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और…
सीएम ने किया श्रद्धालुओं का स्वागत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में रविवार 19 अप्रैल से प्रारम्भ हो रही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की है. मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा हेतु आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे बाबा केदार, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री और बद्री विशाल से प्रार्थना करते हैं कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी चारधाम यात्रा सकुशल संपन्न हो. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी. राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रयासरत है. इस संबंध में प्रत्येक स्तर पर चारधाम यात्रा संबंधी तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि जो भी श्रद्धालु, यात्रा पर आएं, वे देवभूमि उत्तराखण्ड में बिताए गए समय की स्वर्णिम यादों को साथ लेकर जाएं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

