भुवनेश्वर: ओडिशा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष भक्तचरण दास ने घोषणा की है कि कांग्रेस आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों में बीजू जनता दल (BJD) के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी। स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए भक्त चरणदास ने स्पष्ट किया कि स्थानीय निकाय चुनावों के लिए BJD के साथ गठबंधन की चर्चा चल रही थी, लेकिन पार्टी के एक बड़े वर्ग में इसे लेकर गहरा असंतोष था। कई कांग्रेस नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं ने बीजेडी के साथ हाथ मिलाने पर असहजता व्यक्त की थी। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दास ने कहा, “कांग्रेस अकेले लड़ेगी। हम आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों में BJD के साथ मिलकर नहीं लड़ेंगे।”

हालांकि स्थानीय चुनावों के लिए गठबंधन को खारिज कर दिया गया है, लेकिन भक्त चरण दास ने भविष्य के लिए दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा चुनाव के दौरान गठबंधन की आवश्यकता महसूस होती है तो इसका निर्णय पार्टी आलाकमान (AICC) के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।
कोई भी गठबंधन केवल दोनों दलों की सहमति और केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी से ही होगा। यह घोषणा भक्त चरण दास के उस पिछले बयान के ठीक उलट है, जिसमें उन्होंने गठबंधन की संभावना का संकेत दिया था। ओडिशा में इसी साल होने वाले पंचायत चुनावों के लिए कांग्रेस अब अपनी सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति की घोषणा आने वाले दिनों में करेगी। यह कदम राज्य में त्रिकोणीय मुकाबले (BJP, BJD और Congress) को और दिलचस्प बना देगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

