सुरेंद्र जैन, धरसींवा। CGBSE 10th Result 2026: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसी बीच एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है, जहां गरीबी और संघर्ष के बावजूद एक बेटी ने बड़ी सफलता हासिल की है। क्या आप सोच सकते हैं कि ईंट भट्ठे में महज 230 रुपये रोज की मजदूरी करने वाली मां अपनी बेटी को पढ़ाकर प्रदेश में टॉप करा सकती है? यह सुनने में भले ही मुश्किल लगे, लेकिन रायपुर के धरसींवा क्षेत्र में एक गरीब मां ने इसे सच कर दिखाया है।

तिल्दा ब्लॉक के तरपोंगी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर की छात्रा कल्पना यादव ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 592 अंक (98.67%) हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि स्कूल, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


रिजल्ट घोषित होते ही घर में खुशी का माहौल छा गया और कल्पना की सफलता से पूरा परिवार झूम उठा। लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत के दौरान कल्पना ने बताया कि वह आगे चलकर IAS अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती हैं।
कल्पना की मां इंद्र कुंवर यादव कहती हैं कि वह ईंट भट्ठा में 230 रुपये दैनिक मजदूरी पर काम करती हैं। बेटी आईएएस बनना चाहती है, तो वह और मेहनत-मजदूरी करेंगी, लेकिन बेटी का सपना जरूर साकार करेंगी। वहीं कल्पना के पिता रामकृपाल एक प्लांट में काम करते हैं।
स्कूल के प्राचार्य ने जाहिर की खुशी
वहीं स्कूल के प्राचार्य शिवरतन लाल धीरही ने कहा कि सरकारी स्कूल में सभी शिक्षक बच्चों को बहुत अच्छे से पढ़ाते हैं। कल्पना पढ़ाई में तेज थी, इसलिए उन्हें विश्वास था कि वह नाम रोशन करेगी। आज पूरी संस्था को उस पर गर्व है।
जनप्रतिनिधि ने हर संभव मदद का दिया आश्वासन
छात्रा के आईएएस बनने के सपने और उनके परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए सगुनी निवासी पत्रकार और जनपद सदस्य देवेंद्र वर्मा ने कहा कि कल्पना की कल्पना को साकार करने में जब भी जैसी भी आवश्यकता होगी, वह हर संभव आर्थिक मदद करेंगे और बच्ची के आईएएस बनने का सपना साकार करेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

