रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों देश एक ही समय आजाद हुए लेकिन भारत को जहां पूरी दुनिया में इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का हब माना जाता है. वहीं पाकिस्तान को इंटरनेशनल टेररिज्म का मरगज माना जाता है क्योंकि पाकिस्तान हमेशा आतंकवाद को समर्थन देता हैं.

राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद सिर्फ एक राष्ट्र-विरोधी काम नहीं है. इसके कई पहलू हैं और इससे तभी निपटा जा सकता है जब हम इसके तीनों पहलुओं पर एकसाथ काम करेंगे. हमें ऑपरेशनली, आईडियोलॉजिकली और पॉलिटिकली काम करना होगा. रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लगभग एक साल हो गया है और यह भारत की नई ताकत का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि, इस ऑपरेशन के दौरान भारत पाकिस्तान के सात लंबी लड़ाई के लिए तैयार था.

‘भारत में अब पुरानी सोच पर नहीं चलती’

राजनाथ ने कहा कि यह एक ऐसा मोड़ था जिसने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अब वह देश नहीं रहा जहां पुरानी सोच चलती हो. पहले भारत पर हमले होते थे और हम सिर्फ बातचीत या बयानों तक सीमित रहते थे. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमने दुनिया को यह कड़ा संदेश दिया है कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा और आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

लंबी लड़ाई के लिए तैयार था भारत

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी. इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर चलाया. रक्षा मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की नीति साफ है – किसी भी हालत में आतंकवादी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

भारत ने पहले सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और अब ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकवाद के खिलाफ अपना रुख साबित किया है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिर्फ 72 घंटे में पूरा कर लिया गया, लेकिन इसके पीछे लंबी तैयारी थी. अगर जरूरत पड़ती तो भारत लंबी लड़ाई के लिए भी पूरी तरह तैयार था.

पाकिस्तान की परमाणु धमकी से नहीं डरा भारत

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर सीधा आरोप लगाया कि वह लगातार आतंकवाद को समर्थन देता रहा है. उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान आजादी के समय एक साथ स्वतंत्र हुए, लेकिन आज भारत सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के लिए जाना जाता है, जबकि पाकिस्तान इंटरनेशनल टेररिज्म (International Terrorism) का केंद्र बन गया है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद और उसके प्रायोजकों (स्पॉन्सर्स) में कोई फर्क नहीं करता. पीएम मोदी की नीति के तहत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का रवैया अपनाया गया है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को परमाणु हमले की धमकियां भी मिलीं, लेकिन भारत उनमें नहीं फंसा और राष्ट्रहित में जो जरूरी था, वह किया.

‘न्यू वर्ल्ड ऑर्डर में NO ऑर्डर’

न्यू वर्ल्ड ऑर्डर पर बात करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अब जब वर्ल्ड ऑर्डर खुद बदल रहा है, तो हम निश्चित रूप से थीम का ऑर्डर बदल सकते हैं, क्योंकि पहले यह समझना जरूरी है कि हम अभी किस वर्ल्ड ऑर्डर में हैं. पूरी दुनिया अभी लगातार बदलाव से गुजर रही है. झगड़े और अस्थिरता है. यूरोप में तनाव है और हम हर दिन वेस्ट एशिया में युद्ध होते देख रहे हैं. जिन सिद्धांतों पर ग्लोबल ऑर्डर बना था, वे लगातार चुनौतियों का सामना कर रहा है. यह कहना गलत नहीं होगा कि न्यू वर्ल्ड ऑर्डर एक ऐसी दुनिया है जिसमें कोई ऑर्डर नहीं है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m