अभिषेक सेमर, तखतपुर। तखतपुर में शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों की लापरवाही पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम नितिन तिवारी के औचक निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के 35 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर तलब किया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

narayana

जानकारी के अनुसार, एसडीएम नितिन तिवारी ने तखतपुर स्थित एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत और नगर पालिका कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी बिना अनुमति कार्यालय से नदारद पाए गए। उपस्थिति पंजी और बायोमैट्रिक रिकॉर्ड की जांच में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

कार्यालय समय में अनुपस्थित पाए गए सभी 35 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

देखें नोटिस

गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और कार्यप्रणाली सुधारने के लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं, बावजूद इसके तखतपुर क्षेत्र के कई दफ्तरों में लापरवाही का मामला सामने आया है। बायोमैट्रिक व्यवस्था लागू होने के बाद भी कर्मचारियों द्वारा मनमाने तरीके से उपस्थिति दर्ज करने की शिकायतें मिली हैं।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि नियमित रूप से कार्यालय न पहुंचने वाले कर्मचारियों की उपस्थिति और वेतन का सत्यापन किस आधार पर किया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H