बलवंत भट्ट, मंदसौर। Train Accident: रतलाम-नीमच सेक्शन के दोहरीकृत मंदसौर दलौदा रेल खंड के सीआरएस निरीक्षण के बीच गुरुवार रात दलौदा स्टेशन यार्ड में एक्सीडेंट हो गया। रात 10 बजे मंदसौर तरफ से नए ट्रैक पर स्पीड ट्रायल करते हुए आ रहा इंजन यार्ड में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान दलौदा स्टेशन से रवाना हुई मालगाड़ी यार्ड में पटरी बदल रही थी। इंजन को आते देख उसे रोकने के लिए गैंगमैन ने लाल झंडी भी दिखाई, जो ड्राइवर को नहीं दिखी और इंजन सीधे मालगाड़ी से जा टकराया।

उछलकर पटरी के बीच पहुंचा वैगन

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मालगाड़ी का इंजन से तीसरे नंबर का वैगन उछलकर पटरी के बीच पहुंच गया। उसके चारों पहिए पटरी से उतर गए। टक्कर से वैगन के साथ इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। अलर्ट मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। रतलाम से गई एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन ने मौके पर जाकर पटरी से उतरे वैगन की ट्रैक पर चढ़ाने का राहत कार्य शुरू किया।

इलेक्ट्रिक इंजन से हो रही थी स्पीड टेस्ट

दरअसल, शुक्रवार को 14 किमी लंबे दलौदा-मंदसौर रेल खंड में कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी ई. श्रीनिवास 120 किमी की रफ्तार पर स्पीड ट्रायल करने वाले हैं। इसके पहले गुरुवार रात इलेक्ट्रिक इंजन से स्पीड टेस्ट की जा रही थी। इस दौरान मंदसौर से चलकर इंजन नए ट्रैक से दलौदा तरफ आ रहा था।

नए से पुराने ट्रैक पर जा रही थी मालगाड़ी

दूसरी तरफ रतलाम से नए ट्रैक पर चलकर दलौदा पहुंची मालगाड़ी स्टेशन से 300 मीटर आगे यार्ड के क्रॉसिंग पॉइंट पर नए से पुराने ट्रैक पर जा रही थी। ऐसा इसलिए क्योंकि दलौदा से मंदसौर के बीच वाला नया ट्रैक अभी ऑपरेशनल नहीं हुआ है। इसी दौरान इंजन आया और मालगाड़ी से जा टकराया।  मालगाड़ी की रफ्तार ज्यादा होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों पर रोका गया

हादसे के बाद ट्रैक पर होकर गुजरने वाली ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों पर रोका गया। रात करीब 2 बजे तक रेलवे कर्मचारियों द्वारा बेपटरी हुई मालगाड़ी को सुरक्षित पटरी पर चढ़ाया गया ओर ट्रैक क्लियर करके अन्य ट्रेनों का आवागमन शुरू किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m