अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर बिहार ले जाई जा रही करीब 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई. पुलिस ने मौके से पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है.

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने NH-02 हाईवे स्थित ग्राम जेठमलपुर तिराहा और सम्राट होटल के पास चेकिंग शुरू की. कुछ देर बाद एक सफेद फॉर्च्यूनर गाड़ी और उसके पीछे आइसर ट्रक नंबर GJ 14Z 5585 आते दिखाई दिए. पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली. जांच में ट्रक और फॉर्च्यूनर में “पोटाश” लिखे टीन के डिब्बों के अंदर लकड़ी के बुरादे में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई. शराब की छोटी 180 एमएल प्लास्टिक बोतलों और 750 एमएल शीशियों को बेहद शातिर तरीके से पैक किया गया था ताकि किसी को शक न हो.

इसे भी पढ़ें : टेस्टिंग बना काल, वाटर कूलिंग मशीन का कंप्रेसर फटने से 2 कर्मचारियों की मौत, एक की हालत गंभीर

फॉर्च्यूनर से दी जा रही थी लोकेशन

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि शराब चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया से लोड की गई थी और उसे बिहार के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग तक पहुंचाना था. तस्कर पुलिस चेकिंग से बचने के लिए टीन के डिब्बों पर “पोटाश” लिखकर कोडिंग करते थे. साथ चल रही फॉर्च्यूनर गाड़ी ट्रक को रास्ते की लोकेशन और पुलिस गतिविधियों की जानकारी देने का काम कर रही थी. पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हरियाणा, मध्य प्रदेश और पानीपत के निवासी शामिल हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप कुमार, सुमित सिंह, साजन राठौर, देवेन्द्र सिंह और अनिल कुमार पंचाल शामिल हैं. पुलिस के अनुसार देवेन्द्र सिंह इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है.

पुलिस ने कुल 167 टीन के डिब्बों में रखी 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. इसमें रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड की शराब शामिल है. इसके अलावा एक आइसर ट्रक, एक सफेद फॉर्च्यूनर, छह मोबाइल फोन और 5030 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब इस शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.