Bilaspur News Update: बिलासपुर। बिल्हा रेलवे स्टेशन पर लिंक एक्सप्रेस और अंबिकापुर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर रेलवे संघर्ष समिति ने प्रयास तेज कर दिए हैं। समिति के सदस्य राजा शर्मा, गौरव बिंदल, प्रकाश बिंदल, अमित तायल, प्रवीण तायल, सचिन गुप्ता, आशीष बंसल और डॉ. अविनाश गुप्ता ने केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि दोनों ट्रेनों का ठहराव जल्द ही पुनः शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे। समिति के सदस्यों ने बताया कि बिल्हा जिले का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है, लेकिन कोरोना काल के बाद भी कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं हो पाया है।

रद्द होने वाली ट्रेनों में शामिल हैं:

  • विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस (18517/18518) – दक्षिण और पूर्व भारत से जोड़ने वाली अहम कड़ी।
  • दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस (18241/18242) – उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग को जोड़ने वाली प्रमुख ट्रेन।

समिति ने बताया कि लिंक एक्सप्रेस के ठहराव न होने से मरीजों और छात्रों को इलाज व शिक्षा के लिए बिलासपुर या रायपुर तक अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। वहीं व्यापारियों को विशाखापट्टनम पोर्ट और दक्षिण भारत के बाजारों से सीधी कनेक्टिविटी नहीं मिल पा रही। अंबिकापुर एक्सप्रेस के ठहराव के अभाव में यात्रियों को बस या निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

समिति ने कहा कि दोनों ट्रेनों का कोविड से पहले बिल्हा में नियमित ठहराव था और यात्रियों की संख्या पर्याप्त थी। ऐसे में जनभावनाओं को देखते हुए इन ट्रेनों का ठहराव बहाल करना आवश्यक है।

नवरात्रि में सर्वमंगला नहर मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन रहेगा बंद

कोरबा। नवरात्रि के दौरान सर्वमंगला मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में नहर मार्ग से भारी वाहनों के परिचालन से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी व दण्डाधिकारी कटघोरा ने नवरात्रि (19 से 27 मार्च) तक सर्वमंगला नहर मार्ग से भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी लगा दी है।

मंदिर के राज पुरोहित पंडित नमन पांडेय ने भारी वाहनों के कारण होने वाली असुविधाओं के मद्देनजर तहसीलदार दर्री और कुसमुंडा पुलिस को ज्ञापन सौंपा था। दर्री तहसीलदार और थाना प्रभारी कुसमुंडा के प्रतिवेदन के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। मंदिर के समीप बने बाईपास मार्ग का इस्तेमाल श्रद्धालुओं के कारण दुर्घटना की संभावना रहती थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध लागू किया गया है।

डिलवरी के नाम पर वसूली केस, 20 दिन बाद भी जांच अधूरी, रिपोर्ट में देरी से उठे सवाल

बिलासपुर। जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में डिलवरी के बदले पैसे मांगने का मामला सामने आने के करीब 20 दिन बाद भी जांच अधूरी है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

दरअसल, 25 फरवरी को प्रसूता के परिजनों से पैसे मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. अनिल गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टाफ नर्स लक्ष्मी वर्मा और संजू चौरसिया को निलंबित कर दिया था।

इसके साथ ही तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी, जिसमें डॉ. प्रतीक प्रधान, डॉ. ममता सलूजा और डॉ. नवीन साव शामिल थे। टीम को रिपोर्ट जल्द सौंपने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी जांच अधूरी है। सिविल सर्जन डॉ. गुप्ता ने बताया कि अब तक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है और देरी को लेकर संबंधित डॉक्टरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच में देरी से मामले की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने के कारण ऐसी घटनाएं दोहराई जा रही हैं।

अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई

मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज लोरमी क्षेत्र में आबकारी टीम ने आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की।अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई

सूचना के आधार पर चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम साल्हेघोरी में आबकारी टीम ने लीला बाई भास्कर के कब्जे से लगभग 75 किलोग्राम महुआ लाहन (शराब बनाने योग्य सामग्री) जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(च) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दूसरी कार्रवाई में चौकी डिंडोरी थाना क्षेत्र के ग्राम झलरी निवासी छेदी सिंह साकत के पास से 10 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब और 75 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(1)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

संयुक्त कार्रवाई में आबकारी विभाग के लोरमी प्रभारी अमित शाह, मुंगेली प्रभारी जय सिंह मरकाम, पथरिया प्रभारी उम्मी रूमा सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।

जिला अस्पताल से बाइक चोरी के मामले में महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई हीरो ग्लैमर एक्स-टेक बाइक मामले में पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। शिव सारथी, शंकर मिंज और रश्मि भारद्वाज ने स्वीकार किया कि उन्होंने 15 मार्च को बाइक चोरी कर घर में छिपा दी थी। चोरी की बाइक (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेज दी गई।

तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के पड़रिया गांव के पास बुधवार दोपहर सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी मानसी कैवर्त की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बीच में बैठी किशोरी उछलकर हाइवा के पहिए के नीचे आ गई।

ग्राम पड़रिया निवासी दिनेश कैवर्त का बेटा, बहू और बेटी मानसी बैंक के काम से तखतपुर आए थे। दोपहर करीब 2 बजे तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, और बाइक मानसी का भाई चला रहा था। पड़रिया मोड़ के पास तखतपुर की ओर जा रही हाइवा ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मानसी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, हाइवा को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

पीएम श्री योजना के तहत विद्यार्थियों ने कोलकाता में लिया ज्ञान-विज्ञान का अनुभव

रायगढ़। पीएम श्री योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत रायगढ़ जिले के पीएम श्री विद्यालयों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों और शिक्षकों का 6 दिवसीय अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण कोलकाता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे के निर्देशन में तथा जिला शिक्षा अधिकारी के. वी. राव और जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार के मार्गदर्शन में, 13 मार्च को एपीसी अभय कुमार पांडेय के नेतृत्व में विद्यार्थियों और शिक्षकों का दल शैक्षणिक भ्रमण हेतु रवाना हुआ।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने साइंस सिटी, कोलकाता का अवलोकन किया, जहां विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों ने उन्हें विज्ञान के प्रति प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने कोलकाता मेट्रो की यात्रा कर आधुनिक परिवहन व्यवस्था को समझा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के अंतर्गत दक्षिणेश्वर काली मंदिर में दर्शन किए और बिरला तारामंडल में अंतरिक्ष संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।

ऐतिहासिक धरोहरों के अध्ययन हेतु विद्यार्थियों ने विक्टोरिया मेमोरियल और भारतीय संग्रहालय का भ्रमण किया, जिससे उन्हें भारत की समृद्ध विरासत का करीब से अनुभव मिला। इसके अलावा उन्होंने बेलूर मठ, अलीपुर चिड़ियाघर, राष्ट्रीय पुस्तकालय, कोलकाता और आचार्य जगदीश चंद्र बोस भारतीय वनस्पति उद्यान का भ्रमण कर विविध शैक्षणिक और सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त किए।

विद्यार्थियों ने ईडन गार्डन और हावड़ा ब्रिज का अवलोकन भी किया, जिससे उन्हें देश की प्रमुख धरोहरों और आधुनिक संरचनाओं की जानकारी मिली। इस प्रकार यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अनुभवात्मक साबित हुआ, जिससे उनके शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास में भी विकास हुआ।

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 परिणाम जारी

मुंगेली। जिले के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, दाबो में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है।

विद्यालय के प्राचार्य के अनुसार, इस परीक्षा में कुल 5,432 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से चयनित 40 छात्र-छात्राओं की अस्थायी (प्रोविजनल) सूची जारी की गई है। चयनित विद्यार्थियों के अभिभावक प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

चयनित विद्यार्थियों में शामिल हैं:

जानवी साहू, अर्नव सोनी, खिलेश्वरी, निमिश साहू, निशा कुर्रे, आलिया बर्मन, प्रिंस टोंडे, आदर्श ध्रुव, दवेश देव बर्मन, धनंजय सिंह कुशराम, दलेंद्र, अक्षांश कुर्रे, साक्षी साहू, दीक्षा, चूड़ामणि साहू, गुलशन कुमार साहू, गौरव जोगवंशी, ताम्रध्वज, विनय चतुर्वेदी, मोक्षराज राजपूत, मयंक साहू, राज यादव, रितु श्री, रागिनी साहू, योगेश कुमार, राजनंदनी साहू, मिथलेश यादव, सम्राट राजपूत, अनुप्रिया यादव, सुदीप चतुर्गाेष्ठी, प्रज्ञा आनंद, दिपांशु टंडन, रिया खांडे, सौरभ कुर्रे, पियूष राज टंडन, हूमेश जोल्हे, नम्रता बंजारे, दीप्ति मरावी, गरिमा और अदिति ध्रुव। यह सूची अस्थायी है और आवश्यक दस्तावेज़ों के सत्यापन के बाद अंतिम प्रवेश सुनिश्चित होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H