Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (30 मार्च 2026) की खबरों में स्कूलों-ऑफिसों से लेकर कोर्ट तक को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद लोन दिल्ली से गिरफ्तार, MCD का बड़ा कदम: नियमों में ढील की तैयारी, यमुना प्रदूषण: DUSIB, DJB और MCD के आपसी विवाद के बीच लोग झेल रहे जहरीली गैसें, दिल्ली में ‘सुनियो’ योजना के तहत बिना ब्याज-जुर्माने के चुकाएं संपत्ति कर प्रमुख रहा।

स्कूलों-ऑफिसों से लेकर कोर्ट तक को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में स्कूलों, सरकारी ऑफिसों और हाई कोर्ट में फर्जी बम की धमकी देने वाले आरोपी को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की स्पेशल सेल ने कर्नाटक पुलिस के सहयोग से आरोपी युवक को गिरफ्तार करने में सफल हुई है। आरोपी श्रीनिवास लुईस (Srinivas Lewis) को गुरुवार को मैसूर के वृंदावन लेआउट में स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इन सभी को जब्त कर लिया गया है।

पढ़े पूरी खबर…..

लश्कर आतंकी शब्बीर अहमद लोन दिल्ली से गिरफ्तार

Lashkar-e-Taiba terrorist Shabbir Ahmed Lone Arrested: आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकी को गिरफ्तार किया है। आतंकी की पहचान शब्बीर अहमद लोन के रूप में हुई है। आतंकी शब्बीर हाल ही में मेट्रो पोस्टर केस में पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा मॉड्यूल का हैंडलर था। आतंकी शब्बीर अहमद लोन बांग्लादेश में बैठकर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर लश्कर का एक नया मॉड्यूल तैयार कर रहा था।

पढ़े पूरी खबर…..

MCD का बड़ा कदम: नियमों में ढील की तैयारी

दिल्ली में लोगों को राहत देने और प्रशासन को अधिक पारदर्शी व व्यावहारिक बनाने के लिए नगर निगम (MCD) ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली नगर निगम अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य ‘Ease of Living’ और ‘Ease of Doing Business’ को बढ़ावा देना है। प्रस्तावित संशोधन के तहत कई मामूली उल्लंघनों के मामलों में कारावास (जेल) के प्रावधान को खत्म करने की तैयारी की जा रही है। इसके जरिए नियमों को सरल और कम दंडात्मक बनाने पर जोर दिया गया है, ताकि आम लोगों और व्यापारियों को अनावश्यक कानूनी जटिलताओं से राहत मिल सके।

पढ़े पूरी खबर…..

यमुना प्रदूषण: DUSIB, DJB और MCD के आपसी विवाद के बीच लोग झेल रहे जहरीली गैसें

नई दिल्ली: यमुना नदी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) में दाखिल दस्तावेजों से पता चला है कि राजधानी की 675 झुग्गी बस्तियों में आज भी सीवर लाइन नहीं लगी हैं। इस कारण कचरा और गंदा पानी सीधे नालियों और यमुना में जा रहा है, जिससे नदी की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। NGT में दोनों जिम्मेदार एजेंसियों – दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) – ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कहा कि सीवर लाइन बिछाने की जिम्मेदारी दूसरी एजेंसी की है। दोनों संस्थाओं के बीच यह जिम्मेदारी का विवाद नदी में प्रदूषण की समस्या को और बढ़ा रहा है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में ‘सुनियो’ योजना के तहत बिना ब्याज-जुर्माने के चुकाएं संपत्ति कर

राजधानी दिल्ली में संपत्ति मालिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। दिल्ली नगर निगम ने अपनी संपत्ति कर योजना ‘सुनियो’ के तहत बकाया संपत्ति कर जमा करने की आखिरी तारीख 31 मार्च घोषित की है। निगम ने सभी योग्य संपत्ति मालिकों और कब्जाधारियों से अपील की है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं। नगर निगम के अनुसार, इस योजना के तहत समय पर भुगतान करने वाले संपत्ति मालिकों को ब्याज और जुर्माने से पूरी राहत मिलेगी। ऐसे में जो लोग अब तक अपने बकाया कर का भुगतान नहीं कर पाए हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपना कर जमा कर दें ताकि किसी प्रकार की अतिरिक्त वित्तीय दिक्कत या कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

कांग्रेस ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर जताई गंभीर चिंता: दिल्ली में अपराधों को लेकर सियासी गर्माहट बढ़ती दिख रही है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने दिल्लीवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। देवेन्द्र यादव ने दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि हत्या, लूट, अपहरण, गैंगस्टर गतिविधियां, नशे का कारोबार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार इजाफा हुआ है। उनका आरोप है कि पिछले लगभग 12 वर्षों में हालात सुधरने के बजाय और बिगड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे सरकार किसी भी पार्टी की रही हो, पुलिस की कार्यशैली और सुस्त रवैया अपराधियों के हौसले बढ़ाने का कारण बना है। राजधानी की जनता अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। (पढ़े पूरी खबर)

अब दिल्ली में पानी की समस्या का तुरंत समाधान: दिल्ली सरकार ने जल आपूर्ति सेवाओं को आधुनिक और उपभोक्ता अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली जल बोर्ड ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित चैटबॉट, एडवांस्ड कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट (CRM) सिस्टम और DJB1916 मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह लॉन्च करोल बाग स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया, जिसमें दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सरकार ने “समर एक्शन प्लान” भी पेश किया, जिसमें गर्मियों के दौरान पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

मार्च में ही गर्मी का रिकॉर्ड: राजधानी दिल्ली में इस साल गर्मी ने समय से पहले ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। फरवरी के बाद अब मार्च का महीना भी सामान्य से अधिक गर्म दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में दिन और रात दोनों का तापमान औसतन 2 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि रात का तापमान पिछले चार वर्षों में सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। आमतौर पर मार्च में हल्की ठंडक महसूस होती है, लेकिन इस बार रातें भी गर्म बनी हुई हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस बार मार्च में सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत अधिक बारिश भी दर्ज की गई है। (पढ़े पूरी खबर)

उत्तर दिल्ली से शाहदरा तक 175 सड़कों का बदलेगा रूप: दिल्ली की सड़कों की हालत सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने राजधानी की 175 सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 370 करोड़ रुपये का फंड स्वीकृत किया है। विभाग ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। योजना के तहत सड़कों का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और अगले छह महीनों में सभी 175 सड़कों को नए सिरे से तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। PWD के मुताबिक, इन सड़कों के बनने से ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों को बेहतर व सुगम आवाजाही का अनुभव मिलेगा। साथ ही सड़क की गुणवत्ता में सुधार होने से वाहनों की गति और सुरक्षा दोनों में इजाफा होगा। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में नशे के कारोबार को लेकर सियासत तेज: दिल्ली में कथित तौर पर नशे के कारोबार को लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासित दिल्ली में खुलेआम सूखा नशा और अवैध शराब बेची जा रही है। AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक कथित वायरल वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उनका दावा है कि यह वीडियो राजधानी में चल रहे अवैध नशे के कारोबार को उजागर करता है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। लल्लूराम डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता । (पढ़े पूरी खबर)

ट्रेन से गिरकर दोनों हाथ गंवाने वाले यात्री को नहीं मिलेगा मुआवजा: दिल्ली हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में 2015 की एक रेल दुर्घटना से जुड़े मुआवजा मामले में यात्री की अपील खारिज कर दी है। इस यात्री को कथित तौर पर ट्रेन से गिरने के बाद अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े थे। यात्री ने दावा किया था कि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह सोनीपत और नई दिल्ली रेलवे स्टेशनों के बीच सफर के दौरान गलती से नीचे गिर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसके दोनों हाथ काटने पड़े। हालांकि, अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों का आकलन करने के बाद यात्री के दावे को स्वीकार नहीं किया और मुआवजे की मांग को खारिज कर दिया। कोर्ट ने माना कि यह मामला रेलवे अधिनियम के तहत “अनटुवर्ड इंसीडेंट” (दुर्घटनावश घटना) की श्रेणी में साबित नहीं होता। (पढ़े पूरी खबर)

सड़क पर मवेशी बांधने पर ₹1000 जुर्माना: राजधानी में नागरिक अनुशासन और सार्वजनिक स्वच्छता को लेकर सख्ती बढ़ाने की तैयारी है। दिल्ली नगर निगम से जुड़े कानूनों में बदलाव के तहत अब सड़कों पर गायों या अन्य मवेशियों को बांधने और उनका दूध निकालने पर ₹1000 तक का जुर्माना लग सकता है। इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान या सड़क पर पेशाब करते हुए पाया जाता है, तो उस पर ₹500 का जुर्माना लगाने का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। ये बदलाव दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 में संशोधन के जरिए लाए जा रहे हैं। इस संबंध में जितिन प्रसाद, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री, ने हाल ही में संसद में जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 पेश किया। विधेयक में कई उपनियमों और धाराओं में बदलाव का प्रस्ताव है, जिसके तहत नागरिक कानूनों के उल्लंघन पर जुर्माने की राशि बढ़ाई जाएगी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था, गंदगी और यातायात बाधा जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाना है। (पढ़े पूरी खबर)

ऊंटों के जरिए दिल्ली में शराब की तस्करी: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला स्पेशल स्टाफ ने अवैध शराब तस्करी के एक अनोखे नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि तस्करी के लिए ऊंटों का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि पुलिस चेकिंग से बचा जा सके। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m