शब्बीर अहमद, भोपाल। धर्मांतरण मामले के फंडिंग सरगना दाऊद अहमद पर शिकंजा कसा गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी में यूपी पुलिस संपत्ति कुर्क करेगी। आगरा पुलिस ने भोपाल में दाऊद के घर नोटिस चस्पा किया है। गैंग की फंडिंग का सरगना कनाडा में रहता है। दाऊद अहमद के तार पाकिस्तान से भी जुड़े है। यूपी पुलिस बड़े धर्मांतरण गैंग का खुलासा कर चुकी है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, यह पूरा मामला जुलाई 2025 का है। उत्तर प्रदेश के आगरा के सदर क्षेत्र से दो सगी बहनों के लापता होने के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ था। जांच के दौरान पता चला कि दोनों बहनें एक संगठित धर्मांतरण गिरोह के संपर्क में आई थीं। पुलिस ने दोनों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से बरामद किया था। इसके बाद इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफास हुआ।

विदेशों से मिल रही थी फंडिंग

इस मामले में अब तक 14 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह का मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान दिल्ली में सक्रिय था, जबकि उसकी सहयोगी आयशा गोवा में रहकर नेटवर्क को संचालित कर रही थी। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि इस सिंडिकेट को विदेशों से फंडिंग मिल रही थी। कनाडा और यूएई समेत कई देशों से आर्थिक मदद भेजी जाती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि कनाडा में रह रहा दाऊद अहमद फंडिंग करता था, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के भोपाल का निवासी है।

भोपाल में संपत्ति कुर्क करेगी आगरा पुलिस

इस मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गिरोह को फंडिंग करने के आरोप में दाऊद अहमद के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही भोपाल स्थित दाऊद के घर पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया गया है। बताया जा रहा है कि आगरा पुलिस जल्द ही दाऊद अहमद की संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई कर सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m