लखनऊ. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तंज कसा है. उन्होंने 2027 में होने वाले चुनाव में भाजपा की हार का दावा किया है. अखिलेश ने एक्स पर लिखा है कि ”मुख्यमंत्री जी वर्तमान को क्यों भूल जाते हैं और आनेवाले कल की बात क्यों नहीं करना चाहते हैं. सुनने में तो ये आया है कि आप ही चेहरा होंगे फिर आनेवाले कल पर बात करने से क्यों कतराते हैं. कहीं आप भाजपाइयों की दस साल पुरानी उस बात को याद करके तो नहीं घबराते हैं कि भाजपावाले जिसे चेहरा बनाते हैं, उसको पिछले दरवाजे का रास्ता दिखाते हैं.’

अखिलेश ने आगे लिखा कि ‘सच तो ये है कि आप भी जानते हैं कि ऐसे या वैसे या फिर कैसे भी न तो आप, न आपके दल के लोग सत्ता में वापस आ रहे हैं, इसीलिए आप भविष्य से मुंह चुरा रहे हैं और भाषा-विचार की मर्यादाओं से बाहर जा रहे हैं. ये जिव्हा का विचलन ही बता रहा है, आपका दौर जा रहा है. हम सदैव सभ्य-सुसंस्कृत रहेंगे और आपकी ससम्मान विदाई करेंगे!’

इसे भी पढ़ें : योगी के नेतृत्व में 2027 का चुनाव, अखिलेश ने ली चुटकी, पूछा- वो काला चश्मा…

बता दें कि पिछले दिनों भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक कार्यक्रम में सीएम योगी को ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Elections 2027) का चेहरा बताया था. उन्होंने कहा कि ‘देखिए वे हमारे मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में सरकार चला रहे हैं. तो निश्चित रूप से चेहरे वही होंगे.’ उन्होंने आगे कहा कि यूपी का लॉ एंड ऑर्डर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यूएसपी है, वो जमीन पर दिख रहा है. आज उत्तर प्रदेश के कई शहर विकसित शहर के रूप में दिख रहे हैं. तो ये सब चीजें हमारे लिए स्पष्ट रूप से तीसरी बार हमारी सरकार बनाने के लिए, हैट्रिक लगाने के लिए काफी है.

नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, दोनों ही राज्यों में फिर से सरकार बनाने का दावा किया था. उन्होंने कहा था कि योगी और धामी के चेहरे पर ही 2027 का चुनाव लड़ा जाएगा. यूपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएंगे.